भाेपाल में भाजपा नेता ने फांसी लगाकर किया सुसाइड, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

भाजपा नेता राजेश राठौर का शव फंदे से लटका मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। मौके पर शराब के 3 से 4 ग्लास भी मिले हैं।

Updated: Feb 10, 2024, 07:28 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में भाजपा नेता राजेश राठौर का शव फंदे से लटका मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि वह परिवार से अलग रह रहा था। मौके पर शराब के 3 से 4 ग्लास भी मिले हैं। परिजनों को आशंका है कि किसी ने शराब के साथ जहर भी दिया हो।

घटना शुक्रवार-शनिवार रात की है। मृतक राजेश राठौर भाजपा मंडल उपाध्यक्ष रह चुके हैं, और बजरिया के सेमरा स्थित एक घर में रहते थे। वे लंबे समय से भाजपा में सक्रिय थे और मध्य विधानसभा क्षेत्र में काम कर रहे थे। इससे पहले वे प्रकोष्ठ अध्यक्ष भी रह चुके थे।

पुलिस के सूत्रों के अनुसार राजेश लंबे समय से किसी महिला के साथ रह रहा था। उनका घर बुधवारा इलाके में तलैया चौकी के पास है। यहीं एक महिला रहती थी। बाद में वह बजरिया स्थित एक अलग मकान में रहने लगी। इसी मकान में राजेश राठौर का शव मिला है।

बजरिया थाना प्रभारी केडीएस कुशवाहा ने कहा- युवक परिवार वालों से अलग रह रहा था। उनके दो बच्चे हैं। घर रेतघाट के पास है। उन्होंने किराए का घर लिया हुआ था जहां घटना हुई। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए हमीदिया भेजा है। जांच की जा रही है।