इंदौर में खुलेआम हो रही मदक पदार्थों की बिक्री, मंत्री विजयवर्गीय के बेटे ने पुलिस कमिश्नर को लिखा पत्र
इंदौर के बाणगंगा क्षेत्र में नशे की अवैध बिक्री रोकने के लिए पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय ने पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखा है।
इंदौर। मध्य प्रदेश में अवैध नशे का कारोबार तेजी से फल-फूल रहा है। प्रदेश के अलग-अलग जिलों में नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। इंदौर भी इससे अछूता नहीं है। आलम ये है कि मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के बेटे व पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय को पुलिस कमिश्नर के नाम पत्र लिखना पड़ रहा है।
इंदौर के बाणगंगा थाना क्षेत्र में मादक पदार्थों की अवैध बिक्री पर रोक लगाने के लिए प्रदेश के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के पुत्र और पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय ने पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखा है। उन्होंने पत्र के माध्यम से क्षेत्र में धड़ल्ले से बिक रहे नशे के सामान पर तत्काल और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
4 नवंबर को लिखे गए इस पत्र में आकाश विजयवर्गीय ने स्पष्ट किया है कि बाणगंगा थाना क्षेत्र में मादक पदार्थों की अवैध बिक्री को लेकर उन्हें स्थानीय लोगों से लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही हैं। उन्होंने पत्र में उल्लेख किया कि इस गंभीर समस्या के बारे में जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश नहीं लग पा रहा है।
पूर्व विधायक ने पुलिस कमिश्नर से आग्रह किया है कि इस मामले में कठोर कदम उठाते हुए जल्द से जल्द अवैध बिक्री पर पूर्ण रूप से रोक लगाना सुनिश्चित किया जाए। हालांकि, 4 नवंबर को लिखा गया यह पत्र बुधवार को सार्वजनिक रूप से सामने आया।
गौरतलब है कि नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय स्वयं भी सार्वजनिक मंचों से युवाओं को नशे से दूर रहने की अपील करते रहे हैं। हाल ही में विजय नगर में आयोजित दशहरा और रावण दहन कार्यक्रम के दौरान उन्होंने युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया था।
विधानसभा चुनाव से पूर्व भी मंत्री विजयवर्गीय ने यह संकल्प दोहराया था कि उनकी विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 1 से नशे की समस्या को जड़ से समाप्त करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। चूंकि बाणगंगा क्षेत्र मंत्री विजयवर्गीय के ही विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आता है, इसलिए वहां से लगातार नशे की बिक्री की शिकायतें मिलना स्थानीय पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।




