Chhatarpur Accident: बेकाबू ट्रक और कार की टक्कर, 4 लोगों की मौत 5 गंभीर घायल

छतरपुर के बमीठा थाना इलाके में ट्रक ने कार को टक्कर मारी, सभी यात्री उत्तर प्रदेश के थे, मैहर में दर्शन करके लौट रहे थे, घायलों को झांसी के लिए रेफर किया गया

Updated: Jan 14, 2021, 07:44 AM IST

Photo Courtesy: yashbharat
Photo Courtesy: yashbharat

छतरपुर। बमीठा थाना क्षेत्र के बसारी गांव के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने कार को टक्कर मार दी। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं 5 लोग गंभीर घायल हो गए हैं। मामला नेशनल हाईवे 75 का है, सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल छतपुर में भर्ती किया गया। जहां से सभी को झांसी के लिए रेफर कर दिया गया है।

गुरुवार सुबह हुए हादसे की खबर प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को दी। जिसके बाद बमीठा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को डायल 100 की मदद से अस्पताल पहुंचाया। सभी लोग उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे, मैहर शारदा माता के दर्शन करने गए थे। वहां से लौटते समय यह हादसा हो गया। सभी घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद झांसी रेफर कर दिया गया है।

दरअसल यहां फोर लेन का काम चल रहा है, जिससे यहां डंपर और ट्रक चलते रहते हैं। जिसकी वजह से यहां कई हादसे हो चुके हैं। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो बेकाबू तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से कार को टक्कर मारी। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जबकि पांच लोग घायल हो गए। कार और ट्रक की टक्कर का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कार के परखच्चे उड़ गए।