हनी सिंह ने नहीं दिया कॉन्सर्ट का टैक्स, इंदौर नगर निगम ने जब्त किया एक करोड़ का सामान

इंदौर में हनी सिंह के कॉन्सर्ट के बाद नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई की। आयोजकों द्वारा टैक्स नहीं भरने पर नगर निगम की टीम ने एलईडी समेत करीब एक करोड़ रुपये का सामान जब्त कर लिया है।

Updated: Mar 09, 2025, 07:19 PM IST

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में शनिवार को मशहूर सिंगर हनी सिंह का कॉन्सर्ट हुआ था। इसके बाद रविवार सुबह नगर निगम की टीम वहां पहुंच गई और एलईडी समेत करीब एक करोड़ रुपये का सामान जब्त कर लिया। दरअसल, निगम ने आयोजकों से 50 लाख रुपये टैक्स मांगा था, जो उन्होंने जमा नहीं कराया, इसके बाद यह कार्रवाई की गई।

नगर निगम ने यो यो हनी सिंह के 'मिलियनेयर इंडिया टूर' कॉन्सर्ट के आयोजकों को मनोरंजन कर वसूलने का नोटिस दिया था। निगम का कहना है कि शनिवार दोपहर को जीएसटी पोर्टल के जरिए बताया गया कि इस कार्यक्रम के लिए 3 करोड़ 28 लाख रुपए से अधिक के टिकट बिके हैं। इसलिए, इस राशि का 10% मनोरंजन कर और आमोद कर (Amusement Tax) जमा करना चाहिए था। 

यह भी पढ़ें: भोपाल विकास प्राधिकरण के CEO बने मंत्री प्रहलाद पटेल के दामाद, रुही खान को MSME की जिम्मेदारी

निगम ने कॉन्सर्ट के आयोजकों से 50 लाख रुपए टैक्स की मांग की थी। हालांकि उनकी तरफ से नगर निगम को केवल पौने आठ लाख रुपए का भुगतान ही किया गया। ऐसे में रविवार को नगर निगम की टीम आयोजन स्थल पहुंची और पूरा साउंड सिस्टम जब्त कर लिया। इसकी कीमत करीब 1 करोड़ रुपए है।

उधर आयोजकों का कहना है कि सिर्फ 80 लाख रुपए के टिकट बिके हैं। इसके अलावा, बड़ी संख्या में कॉम्पलीमेंट्री पास दिए गए, जिसके चलते शो से कोई खास फायदा नहीं हुआ। वहीं, फैंस भी इस कार्यक्रम से खुश नजर नहीं आए। इंदौर में महज डेढ़ घंटे तक ही हनी सिंह ने परफॉर्म किया और 10 गाने गाए। शो जल्द खत्म होने के कारण फैंस नाखुश भी नजर आए। निगम की ओर से सफाई दी गई है कि हमने शो को जल्दी बंद नहीं कराया है। 

इस मामले पर हनी सिंह की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। डिप्टी कमिश्नर लता अग्रवाल के मुताबिक हमने आयोजकों से सीए (चार्टर्ड अकाउंटेंट) की रिपोर्ट मंगाई है। उसी के आधार पर अब टैक्स की बकाया राशि वसूली जाएगी।