जी भाईसाहब जी: अपनी सरकार में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की दुखती रग
MP Politics: पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की दुखती रग पर हाथ रख दिया है। जिस शिवपुरी में जीतू पटवारी ने सिंधिया पर तंज कसा, वहीं केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया कथित भ्रष्टाचार और अनियमितताओं पर पीड़ा जाहिर कर चुके हैं।
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की दुखती रग है उनके क्षेत्र का विकास। अपनी ही सरकार में शिवपुरी के विकास कार्यों में हुई गड़बड़ी पर वे स्वयं सार्वजनिक रूप से दु:ख जता चुके हैं, अब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भी इस दुखती रग को छेड़ दिया है। शिवपुरी पहुंचे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के खेमे के हैं, इसलिए उन्होंने गरीबों के घरों में तो स्मार्ट मीटर लगवा दिए, लेकिन सिंधिया के महल में मीटर लगवाना भूल गए। पटवारी ने दावा किया कि सिंधिया के 350 कमरों वाले महल का बिजली बिल महज 1500 रुपए आता है, जबकि आम जनता भारी-भरकम बिलों से परेशान है।
पीसीसी चीफ जीतू पटवारी यहीं नहीं रूके। उन्होंने कहा कि सिर्फ एक चुनाव की हार को छोड़ दें, तो शुरुआत से ही शिवपुरी में सिंधिया घराने का दबदबा रहा है। इसके बावजूद आज भी मध्य प्रदेश में सबसे ज्यादा गरीब लोग शिवपुरी जिले में ही पाए जाते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सिंधिया अपने भाषणों में खूब प्रगति और विकास की बातें करते हैं, लेकिन यह समझ नहीं आता कि आखिर यहां किसका विकास और किसकी प्रगति हुई है?
यह सवाल और आरोप ही तो केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की दुखती रग यह है। जिस शिवपुरी में जीतू पटवारी ने यह आरोप लगाया वहीं केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया सीवरेज परियोजना में कथित भ्रष्टाचार और अनियमितताओं पर गुस्सा जाहिर कर चुके हैं। करीब एक माह जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक में इस भ्रष्टाचार पर केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा था कि “यह अत्यंत दुख की बात है। 113 करोड़ रुपये की लागत से मैं जो परियोजना यहां लाया था, वह पूरी तरह से अनियमितताओं और भ्रष्टाचार का शिकार हो गई है। इसकी समीक्षा और जांच की जाएगी।”
केंद्रीय मंत्री सिंधिया की इस प्रतिक्रिया का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। अब कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सार्वजनिक रूप से सवाल पूछ कर केंद्रीय मंत्री सिंधिया की दुखती रग पर ही हाथ नहीं रखा बल्कि बीजेपी सरकार के कामकाज को ही कठघरे में खड़ा कर दिया है।
कैसी अपनी सरकार, कोई सुनने वाला नहीं
कहते हैं अपनी पार्टी की सरकार में प्यादा भी उस्ताद होता है मगर मोहन सरकार उल्टा हो रहा है। बीजेपी के बड़े नेता ही अपनी सरकार के काम से असंतुष्ट हैं और यह गुस्सा अक्सर खुल कर व्यक्त हो जाता है। पूर्व मंत्री और पाटन विधायक अजय विश्नोई ने एक बार फिर अपनी ही सरकार के काम पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। जबलपुर से भोपाल आते समय शहपुरा रेलवे फाटक बंद होने के कारण वे करीब एक घंटे तक जाम में फंसे रहे। इस व्यथा को व्यक्त करते हुए अजय विश्नोई ने सोशल मीडिया पर लिखा, “जबलपुर से भोपाल जाते समय शहपुरा के रेलवे फाटक बंद होने से एक घंटा खराब हो गया। पता नहीं, शहपुरा-भोपाल मार्ग की सड़क का ओवरब्रिज और कब तक रुलाएगा। जवाब देने वाला भी कोई नहीं है। गैर-जिम्मेदारी की हद हो गई है।”
उनकी इस पोस्ट के बाद ओवरब्रिज निर्माण में देरी और यातायात की समस्या ने ध्यान खींचा ही बीजेपी के सीनियर विधायक अजय विश्नोई की लगातार नाराजगी भी राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बनी। दूसरी तरफ वरिष्ठ विधायक गोपाल भार्गव अपने क्षेत्र में वन अमले की लापरवाही से इतने परेशान हुए कि उन्हें फेसबुक पर पीड़ा बतानी पड़ी। माधव सिंह आदिवासी को जंगली भालू द्वारा घायल किए जाने के मामले को फेसबुक पर पोस्ट करते हुए पूर्व मंत्री तथा 9 बार के विधायक गोपाल भार्गव ने लिखा था, इस प्रकरण में वन विभाग का कोई भी अधिकारी जिम्मेदारी लेने के लिए तैयार नहीं है और मुझे यह भी नहीं बताया जा रहा है कि अब तक इस प्रकरण में विभागीय तौर पर कोई कार्रवाई न होने के लिए कौन जिम्मेदार है? यह स्थिति यह दर्शाती है कि वन मंडलों में पदस्थ वन अधिकारी और वन अमला नागरिकों के प्रति कितने असंवेदनशील हैं। गैर जिम्मेदार और संवेदनहीन अधिकारी व कर्मचारियों की मैदानी पदस्थापनाएं उचित नहीं कही जा सकती। सोशल मीडिया के माध्यम से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों का ध्यान आकर्षित कराया है।
इसके बाद खुद गोपाल भार्गव ने अगली पोस्ट में बताया कि मेरे द्वारा उठाए गए विषय पर संबंधित वन अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए घायल माधव सिंह को उनके घर से भोपाल ले जाकर एम्स में भर्ती कराया है। यानी कि सबसे वरिष्ठ बीजेपी विधायक को भी अपनी समस्या हल करवाने के लिए सोशल मीडिया का सहारा लेना पड़ा।
विंध्य में राजेंद्र शुक्ला और जनार्दन मिश्रा की जुगलबंदी
विंध्य की ब्राह्मण राजनीति में दो ध्रुव माने जाने वाले उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला और सांसद जनार्दन मिश्रा की जुगलबंदी चर्चा में है। बीते दिनों जब उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला के खिलाफ प्रदर्शन हुआ तो सांसद जनार्दन मिश्रा ने खुल कर राजेंद्र शुक्ला का पक्ष लिया था। राजेंद्र शुक्ला के निवास पर कांग्रेस के प्रदर्शन के बाद बीजेपी सांसद जानर्दन मिश्रा सहित बीजेपी के कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च किया था। तब सांसद जानर्दन मिश्रा ने कहा था कि अगर हिम्मत है तो सामने आकर कहो कि हमें राजेंद्र शुक्ला पर हमला करना है। उसका जवाब तुम्हें मिलेगा और जरूर मिलेगा।
उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला के लिए सांसद जर्नादन मिश्रा के इन तेवरों ने सबको अचरज में डाल दिया था। अब जब सांसद जनार्दन मिश्रा किसानों के खिलाफ बोल कर फंसे तो राजेन्द्र शुक्ला उनके बचाव में आगे आए। ग्वालियर दौरे के दौरान डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि सांसद जनार्दन मिश्रा खुद एक किसान पृष्ठभूमि से हैं और हमेशा से किसानों के अधिकारों के लिए संघर्ष करते रहे हैं। साथ ही उन्होंने नशामुक्ति के मुद्दे पर जोर देते हुए कहा कि देश और प्रदेश में जल्द ही एक बहुत बड़ा अभियान चलाया जाएगा, ताकि हमारी आने वाली युवा पीढ़ी को नशे के दलदल से पूरी तरह सुरक्षित रखा जा सके। ब्राह्मण राजनीति में वर्चस्व के संघर्ष को भूला कर दो नेताओं की आपसी समर्थन की इस जुगलबंदी ने राजनीति विश्लेषकों को चौंकाया तो है।
जहां शिवराज सिंह चौहान वहां मोहन यादव नहीं
इंदौर मध्यप्रदेश की राजनीति को प्रभावित करता है और प्रदेश की राजनीति इंदौर के समीकरणों को तय करती है। बीते सप्ताह एमपी बीजेपी की राजनीति में तस्वीरों और इन तस्वीरों से समीकरण तय करने का बोलबाला रहा है। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की माता के निधन पर हुए कार्यक्रम में इंदौर से कई नेता भोपाल आए। इन नेताओं का शिवराज सिंह चौहान के यहां कार्यक्रम में शामिल होना खबर नहीं बना। खबर तो इन बीजेपी नेताओं की अन्य वरिष्ठ नेताओं से मुलाकातें बनी। इंदौर के नेताओं ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से भी भेंट की थी। इन मुलाकातों की तस्वीरें वायरल हुई तो आकलन हुआ कि इंदौर की राजनीति में कैलाश विजयवर्गीय के खिलाफ ध्रुवीकरण मजबूत हुआ है।
उधर, इंदौर में किरार समाज का कार्यक्रम हुआ तो पोस्टर से सीएम मोहन यादव गायब थे। जबकि शिवराज और कैलाश विजयवर्गीय, विधायक रमेश मेंदोला सहित कई स्थानीय नेताओं के फोटो को प्रमुखता से जगह दी गई। एक समाज के आयोजन में नेताओं की तस्वीर के अलग मायने होते हैं लेकिन किरार समाज के अगुआ शिवराज सिंह चौहान तथा उनकी पत्नी साधना सिंह चौहान है। उन्हीं के आतिथ्य में यह कार्यक्रम भी हुआ था। डॉ. मोहन यादव मुख्यमंत्री होने के साथ इंदौर के प्रभारी भी हैं। ऐसे में इंदौर के नेताओं की भोपाल में वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की वायरल तस्वीरें और इंदौर में लगे होर्डिंग्स पर डॉ. मोहन यादव की फोटो नहीं होने के राजनीतिक मायने तो निकलेंगे ही।




