इंदौर में राहुल गांधी का छात्रों की गूंज कार्यक्रम, 12 सितंबर को नेहरू स्टेडियम में Gen Z से करेंगे बात
नेता विपक्ष राहुल गांधी का छात्रों की गूंज कार्यक्रम 12 सितंबर को इंदौर में आयोजित हो रहा है। कार्यक्रम की तैयारियां तेज हो गई हैं और राहुल गांधी की टीम इंदौर पहुंच चुकी है।
इंदौर। मध्य प्रदेश में कांग्रेस अब छात्रों और Gen Z युवाओं के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की तैयारी में है। इसी कड़ी में पार्टी की ओर से इंदौर में बड़े स्तर पर ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी की जा रही है। कार्यक्रम के लिए 12 सितंबर की तारीख प्रस्तावित की गई है। इसमें लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शामिल होंगे।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निवास पर बैठक हुई। इसमें राहुल गांधी की टीम से केबी बायजु भी शामिल हुए। साथ ही इंदौर कांग्रेस के नेताओं में सतनारायण पटेल, शोभा ओझा, विपिन वानखेड़े, चिंटू चौकसे, सदाशिव यादव, संजय कामले, रीना बोरासी सहित अन्य नेता और पदाधिकारी शामिल हुए।
बैठक में स्थानीय कांग्रेस नेताओं और पदाधिकारियों के साथ कार्यक्रम की रूपरेखा, आयोजन स्थल और छात्रों की भागीदारी सहित अन्य मुद्दों पर चर्चा की गई। बताया जा रहा है कि 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम के लिए प्रदेश के दो शहरों इंदौर और जबलपुर के नाम सामने आए थे। हालांकि, अब इसके लिए इंदौर को चुना गया है, क्योंकि इंदौर प्रदेश का प्रमुख एजुकेशन हब है। शहर में बड़ी संख्या में कॉलेज और विश्वविद्यालय हैं, जिससे कार्यक्रम में बड़ी छात्र भागीदारी जुटाने की संभावना है।
कांग्रेस की योजना इस कार्यक्रम के जरिए छात्रों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की है। साथ ही युवाओं के बीच पार्टी का संदेश पहुंचाने पर भी फोकस रहेगा। प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की एआईसीसी पदाधिकारियों के साथ कार्यक्रम को लेकर प्रारंभिक चर्चा हो चुकी है। अब इंदौर में चल रही बैठकों के बाद आयोजन की तस्वीर और स्पष्ट होने की उम्मीद है।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने बताया कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 12 सितंबर को मध्य प्रदेश के छात्रों और युवाओं से मिलने के लिए इंदौर आ रहे हैं। यहां भी वे छात्रों की समस्याओं को सुनेंगे और उनकी चिंताओं को समझेंगे। हमने नेहरू स्टेडियम को चिन्हित किया है और नगर निगम कमिश्नर महोदय को अनुमति के लिए आवेदन दिया है। इस कार्यक्रम में 50,000 से अधिक छात्रों और युवाओं के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम की पूरी रूपरेखा दिल्ली से तय होकर आएगी।




