20 मिनट में सात धमाकों से दहला दुबई शहर, हॉर्मूज पर चल रहे वार्ता के बीच हुआ हमला

दुबई के जेबेल अली इंडस्ट्रियल एरिया में बुधवार तड़के 20 मिनट के भीतर 7 भीषण धमाके हुए। धमाकों के बाद आसमान में धुएं का गुबार फैल गया।

Updated: Aug 05, 2026, 06:07 PM IST

संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के दुबई स्थित जेबेल अली इंडस्ट्रियल एरिया में बुधवार तड़के लगातार हुए कई धमाकों से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। ईरान की मेहर न्यूज एजेंसी ने अमीराती अधिकारियों के हवाले से दावा किया है कि करीब 20 मिनट के भीतर कम से कम सात विस्फोट हुए थे। इन धमाकों की गूंज दूर-दूर तक सुनाई दी थी। धमाकों के बाद आसमान में काले धुएं का बड़ा गुबार भी दिखाई दिया था। हालांकि, अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि घटना किसी मिसाइल हमले का परिणाम थी या फिर औद्योगिक क्षेत्र में हुआ कोई हादसा। यूएई की ओर से विस्फोटों के कारण पर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

घटना के बाद सोशल मीडिया पर कई वीडियो तेजी से वायरल हुए हैं। इन वीडियो में जेबेल अली पोर्ट और उसके आसपास के औद्योगिक क्षेत्र से उठता घना धुआं दिखाई दे रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, घटना का वीडियो रिकॉर्ड करने के आरोप में दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। वहीं, अल फुरजान इलाके के कई स्थानीय निवासियों ने भी तेज धमाकों जैसी आवाजें सुनने की पुष्टि की है।

यह भी पढ़ें:ग्वालियर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर दौड़ी स्कॉर्पियो, RPF ने दर्ज किया मामला

अब तक किसी व्यक्ति के हताहत होने या बड़े पैमाने पर जान-माल के नुकसान की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि, नासा की थर्मल इमेजरी के आधार पर कुछ रिपोर्ट में दावा किया गया है कि जेबेल अली पोर्ट से सटे एक ईंधन भंडारण और ट्रांसफर के लिए इस्तेमाल होने वाले गोदाम में आग लग गई थी। इससे संकेत मिलता है कि विस्फोटों के बाद औद्योगिक क्षेत्र में आग भी भड़क गई थी।

घटना को लेकर अलग-अलग दावे भी सामने आए हैं। कुछ इराकी समाचार माध्यमों और मेहर न्यूज एजेंसी ने अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव के बीच यमन से संयुक्त अरब अमीरात पर मिसाइल हमला किए जाने का दावा किया है। वहीं, कुछ स्थानीय मीडिया रिपोर्टों में हूती विद्रोहियों द्वारा जेबेल अली क्षेत्र को निशाना बनाए जाने की आशंका जताई गई है। हालांकि, न तो यूएई सरकार और न ही हूती समूह ने अब तक इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी किया है और किसी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी भी नहीं ली है।

यह भी पढ़ें:इटारसी के पास पेंचवैली एक्सप्रेस के AC कोच में लगी आग, चेन खींचकर यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया

इसी दौरान यमन की राजधानी सना से भी विस्फोटों की खबरें सामने आई हैं। कुछ रिपोर्ट में इन्हें हवाई हमलों से जोड़ा गया है। जबकि, कुछ में यमन से मिसाइल दागे जाने की बात कही गई है। इन विरोधाभासी दावों के कारण पूरे घटनाक्रम को लेकर स्थिति अभी भी स्पष्ट नहीं हो सकी है।

जेबेल अली दुबई शहर के केंद्र से करीब 25 मील दक्षिण-पश्चिम में स्थित है और यूएई का प्रमुख औद्योगिक, लॉजिस्टिक्स और अंतरराष्ट्रीय शिपिंग केंद्र माना जाता है। यहां दुनिया के सबसे बड़े मानव निर्मित बंदरगाहों में से एक फ्री ट्रेड ज़ोन और ईंधन भंडारण से जुड़ी महत्वपूर्ण सुविधाएं मौजूद हैं। साथ ही कृत्रिम द्वीप परियोजना पाम जेबेल अली भी इसी क्षेत्र में स्थित है। अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव और होर्मुज स्ट्रेट को लेकर जारी कूटनीतिक वार्ताओं के बीच हुई इस घटना ने पूरे खाड़ी क्षेत्र में सुरक्षा संबंधी चिंताओं को और बढ़ा दिया है। फिलहाल अमीराती एजेंसियां विस्फोटों के वास्तविक कारणों की जांच में जुटी हैं और आधिकारिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें:MP में स्कूल चलें हम अभियान की खुली पोल, विदिशा में जान जोखिम में डालकर पढ़ाई करने को मजबूर बच्चे