MP Election 2023: अटेर की दो बूथ पर रिपोलिंग की मांग, भाजपा ने लगाए फर्जी मतदान के आरोप
MP Assembly Election 2023: मध्य प्रदेश में मतगणना से पहले बीजेपी ने अटेर विधानसभा क्षेत्र के दो मतदान केंद्रों पर दोबारा मतदान कराएं जाने की मांग की है।

भिंड। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के नतीजे सामने आने में महज तीन दिन शेष है। इसी बीच भाजपा ने भिंड जिले की अटेर विधानसभा क्षेत्र के दो मतदान केंद्रों पर रिपोलिंग की मांग की है। भाजपा का दावा है कि इन दोनों बूथों पर फर्जी मतदान कराए गए। मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनुपम राजन ने मामले की जांच कराने की बात कही है।
बीजेपी ने अटेर के खड़ीत गांव के कुछ वीडियो भी जारी किए हैं, जिनमें मतदान के दिन कुछ लोग दोनों बूथों पर मतदाताओं के साथ ईवीएम तक जाते हुए दिख रहे हैं। अटेर से भाजपा प्रत्याशी और मंत्री अरविन्द सिंह भदौरिया के भाई देवेंद्र सिंह भदौरिया ने मीडिया से चर्चा में कहा कि यह वीडियो अटेर विधानसभा के खडीत गांव के पोलिंग नंबर 11 और 12 का है।
आज भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने चुनाव आयोग को लिखित शिकायत कर भिण्ड जिले के अटेर विधानसभा क्षेत्र के मतदान क्रमांक 11 एवं 12 का मतदान निरस्त कर पुनः मतदान कराए जाने की मांग की है।
— Ashish Agarwal आशीष अग्रवाल (@Ashish_HG) November 29, 2023
प्रतिनिधिमंडल ने उक्त दोनों मतदान केन्द्रों के मतों की गणना पर भी रोक लगाने की मांग करते हुए… pic.twitter.com/2vzAVWLHUd
देवेंद्र भदोरिया का कहना कि इस पोलिंग स्टेशन पर बूथ कैप्चर हुआ है और इस बात की शिकायत उनके भाई अरविंद भदौरिया द्वारा चुनाव आयोग में भी की गई है। बता दें कि इससे पहले भारतीय जनता पार्टी ने अटेर विधानसभा क्षेत्र के मतदान क्रमांक 71- किशुपुरा नंबर -3 पर पुनर्मतदान की मांग की थी, जिसके बाद 21 नवंबर को पुनर्मतदान कराया गया था। हालांकि, अब भाजपा ने काउंटिंग से ठीक पहले रिपोलिंग की मांग कर दी है।
अटेर में भाजपा ने मंत्री अरविंद सिंह भदौरिया को मैदान में उतारा है। कांग्रेस से हेमंत कटारे चुनाव लड़ रहे हैं। कुल 38 प्रत्याशी मैदान में हैं। इनमें 30 निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं।