अमेरिका ने ईरान पर फिर शुरू किए हमले, केशम द्वीप पर बरसाई मिसाइलें

मध्यावधि चुनाव के बीच अमेरिका ने ईरान पर बमबारी की है। वॉल स्ट्रीट जर्नल ने कहा कि हाल के हफ्तों में अमेरिकी सेना द्वारा ईरान पर किए गए सीमित हमलों की श्रृंखला में यह सबसे ताजा हमला है।

Updated: Nov 03, 2026, 09:42 AM IST

Representative Image
Representative Image

तेहरान। अमेरिका में आज यानी 3 नवंबर को मिडटर्म चुनाव के लिए वोट डाले जाने हैं। इससे ठीक पहले डोनाल्ड ट्रंप की सेना ने ईरान पर नए हमले कर दिए हैं। वॉल स्ट्रीट जर्नल ने सोमवार को अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से बताया कि अमेरिका ने ईरान के केशम द्वीप पर हमला किया है। इस रिपोर्ट से पहले ईरान की सरकारी मीडिया आउटलेट IRNA ने बताया था कि द्वीप पर कई विस्फोट हुए हैं। यह द्वीप होर्मुज जलडमरूमध्य में स्थित है।

वॉल स्ट्रीट जर्नल ने कहा कि हाल के हफ्तों में अमेरिकी सेना द्वारा ईरान पर किए गए सीमित हमलों की श्रृंखला में यह सबसे ताजा हमला है। इसमें आगे कहा गया है कि ये हमले छोटे पैमाने पर किए गए हैं और इन्हें जानबूझकर गुप्त रखा गया है, ताकि यह संकेत न मिले कि अमेरिका ईरान के खिलाफ अपना बड़ा सैन्य अभियान फिर से शुरू करने का इरादा रखता है।

सोमवार को इससे पहले, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस बात पर संदेह जताया कि क्या वह ईरान के खिलाफ सैन्य हमलों को फिर से शुरू करने की अपनी धमकी पर अमल करेंगे या नहीं। उन्होंने यह भी कहा कि तेहरान के साथ कोई समझौता हो सकता है। पत्रकारों ने जब उनसे पूछा कि क्या वह मंगलवार को होने वाले मध्यावधि चुनावों के बाद ईरान पर हमला करने पर विचार कर रहे हैं, तो ट्रंप ने जवाब दिया कि नहीं।

केश्म द्वीप करीब 1,445 वर्ग किलोमीटर में फैला, ईरान का सबसे बड़ा द्वीप है। यह कभी फ्री-ट्रेड जोन और टूरिस्ट स्पॉट के लिए जाना जाता था, लेकिन अब यह एक बड़े सैन्य ठिकाने में बदल चुका है। होर्मुज स्ट्रेट के प्रवेश द्वार पर मौजूद यह द्वीप रणनीतिक रूप से बेहद अहम है। अमेरिका इसे कई वजहों से बड़ा सैन्य खतरा मानता है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, केश्म द्वीप के नीचे सुरंगों और नमक की गुफाओं का बड़ा नेटवर्क है। यहां ईरान ने तटीय मिसाइल सिस्टम और तेज हमला करने वाली नौकाएं छिपाकर रखी हैं। द्वीप के अंदर ईरान ने ऐसे सैन्य ठिकाने बनाए हैं, जिनका मकसद समुद्री रास्तों पर नियंत्रण रखना है। माना जाता है कि यहां से होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों की आवाजाही रोकी या सीमित की जा सकती है।