नहीं रहे पन्ना राजघराने के महाराज, पूर्व बीजेपी सांसद लोकेंद्र सिंह का निधन

लंबी बीमारी के चलते बीजेपी के पूर्व सांसद लोकेंद्र सिंह का निधन, पन्ना टाइगर रिजर्व के स्थापना के लिए दान की थी जमीन

Updated: Jan 26, 2021, 03:05 PM IST

Photo courtesy: Patrika
Photo courtesy: Patrika

पन्ना। मंगलवार को बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पन्ना राजघराने के महाराज लोकेंद्र सिंह का निधन हो गया। 75 वर्षीय लोकेंद्र सिंह लंबे समय से बीमार थे। लोकेंद्र सिंह कुछ दिन पहले कोरोना की चपेट में आए थे। जिसके बाद उनकी सेहत सुधर गई थी। मंगलवार सुबह उनकी तबियत बिगड़ने पर उन्हें पन्ना जिला अस्पताल में भर्ती किया गया। जहां उन्होंने अंतिम सांस ली।

लोकेंद्र सिंह 1989 में पन्ना-दमोह संसदीय सीट से बीजेपी के टिकट पर सांसद निर्वाचित हुए थे। इसके बाद वे कांग्रेस में शामिल हो गए थे। वे कांग्रेस के टिकट पर विधायक भी रह चुके थे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लोकेंद्र सिंह के निधन पर दुख जताया है। लोकेंद्र सिंह ने पन्ना टाइगर रिजर्व के लिए जमीन दान की थी, उन्हें टाइगर रिजर्व का संस्थापक कहा जाता है।

पन्ना में राजपरिवार की परंपरा के अनुसार उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनकी अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।