ग्वालियर में स्वाइन फ्लू का दूसरा मामला आया सामने, 65 वर्षीय बुजुर्ग संक्रमित
ग्वालियर में मालदीव से लौटे 65 वर्षीय बुजुर्ग में स्वाइन फ्लू (H1N1) की पुष्टि हुई है। जिसके बाद शहर में स्वाइन फ्लू के कुल मरीज 2 हो गए हैं।
ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर में वायरल और मौसमी बीमारियों के बढ़ते मामलों के बीच स्वाइन फ्लू ने भी दस्तक दे दी है। पिंटो पार्क की शिव कॉलोनी निवासी 65 वर्षीय बुजुर्ग में H1N1 संक्रमण की पुष्टि हुई है। करीब 10 दिन पहले मालदीव से लौटे बुजुर्ग को जुकाम, तेज बुखार और सांस लेने में परेशानी के बाद जांच कराई गई थी। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्हें बुधवार को गोला का मंदिर क्षेत्र के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां इलाज चल रहा है। इस मामले के साथ ग्वालियर में स्वाइन फ्लू के मरीजों की संख्या दो हो गई है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम सीएमएचओ डॉ. एमएस सागर के निर्देश पर संक्रमित मरीज के घर पहुंची। टीम ने परिवार के सदस्यों की भी जांच की लेकिन किसी में स्वाइन फ्लू से जुड़े लक्षण नहीं मिले। अधिकारियों के अनुसार, मरीज विदेश यात्रा से लौटने के कुछ दिन बाद बीमार पड़ा था। दवा लेने के बावजूद हालत में सुधार नहीं हुआ। जिसके बाद H1N1 की जांच कराई गई। शहर में इससे पहले सामने आया स्वाइन फ्लू का मामला एक छात्र का था। उपचार के बाद उसे दो दिन पहले अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है।
यह भी पढ़ें:शिवपुरी में मिली मादा चीता निर्वा, कूनो नेशनल पार्क से 13 दिन पहले हो गई थी गायब
स्वाइन फ्लू के साथ शहर के अस्पतालों में सर्दी, जुकाम, बुखार और निमोनिया के मरीजों की संख्या भी बढ़ी है। पिछले तीन दिनों में जिला अस्पताल मुरार की ओपीडी में 4,576 और जेएएच में 11,646 मरीज पहुंचे। यानी दोनों अस्पतालों में कुल 16,222 मरीजों ने उपचार के लिए ओपीडी में पंजीयन कराया। इनमें 3,871 मरीज मेडिसिन विभाग की ओपीडी में पहुंचे।
मेडिसिन विभाग के प्रोफेसर डॉ. प्रदीप प्रजापति के मुताबिक, मेडिसिन ओपीडी में आने वाले आधे से अधिक मरीज सर्दी, जुकाम, बुखार और निमोनिया जैसी समस्याओं से पीड़ित हैं। ऐसे मौसम में तेज बुखार के साथ सांस लेने में परेशानी होने पर मरीजों को लापरवाही न करते हुए डॉक्टर से जांच कराने की सलाह दी गई है।
स्वाइन फ्लू के मामलों को देखते हुए अस्पतालों ने भी तैयारी शुरू कर दी है। जेएएच में मेडिसिन विभाग को बेड आरक्षित करने के निर्देश दिए गए हैं। सहायक अधीक्षक डॉ. माखन लाल माहौर के अनुसार सी ब्लॉक की चौथी मंजिल पर इसके लिए बेड आरक्षित किए जा चुके हैं।
यह भी पढ़ें:CG: शिक्षकों की कमी पर फूटा छात्रों का गुस्सा, बलरामपुर में ढाई घंटे सड़क पर लगाया जाम
जिला अस्पताल में भी स्वाइन फ्लू मरीजों के लिए तीन बेड अलग रखे गए हैं। हालांकि, जिला अस्पताल मुरार में H1N1 की जांच के लिए मशीन उपलब्ध होने के बावजूद जांच किट नहीं है। डॉ. हरेंद्र सिंह ने बताया कि किट की मांग भेजी गई है। किट उपलब्ध होने तक संदिग्ध मरीजों के सैंपल जीआरएमसी की वायरोलॉजी लैब में भेजकर जांच कराई जाएगी।




