SIR के विरोध में 12 दिसंबर को भोपाल में इंडिया गठबंधन की रैली, राहुल-प्रियंका और अखिलेश यादव हो सकते हैं शामिल
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने रैली की पुष्टि करते हुए बताया कि इसमें इंडिया गठबंधन के सभी सहयोगी दलों के नेता शामिल होंगे।
भोपाल। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में अनियमितताओं और वोट चोरी के मुद्दे को लेकर इंडिया गठबंधन 12 दिसंबर को भोपाल में बड़ी रैली आयोजित करेगा। इसमें कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी, राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव सहित गठबंधन के कई वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की संभावना है।
दिल्ली में गुरुवार को हुई बैठक में SIR के खिलाफ आंदोलन को देश के अलग-अलग हिस्सों तक ले जाने की रणनीति बनाई गई। इसी के तहत भोपाल से राज्यों की राजधानियों में रैलियां आयोजित करने की शुरुआत होगी। कार्यक्रम के दौरान वोट रक्षक मार्च निकाला जाएगा और इसके बाद बड़ी जनसभा आयोजित की जाएगी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने रैली की पुष्टि करते हुए बताया कि इसमें इंडिया गठबंधन के सभी सहयोगी दलों के नेता शामिल होंगे। कांग्रेस ने रैली में एक लाख से अधिक लोगों को जुटाने का लक्ष्य रखा है। प्रदेश कांग्रेस संगठन ने आयोजन की तैयारियां भी शुरू कर दी हैं। अगले एक-दो दिनों में वरिष्ठ नेताओं की बैठक कर कार्यक्रम की जिम्मेदारियां तय की जाएंगी।
रैली की तैयारियों के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) की टीम दिसंबर के पहले सप्ताह में भोपाल पहुंच सकती है। टीम के मार्गदर्शन में प्रदेश कांग्रेस आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप देगी।
गौरतलब है कि कांग्रेस और इंडिया गठबंधन SIR प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों और मतदाता सूची से नाम हटाए जाने की शिकायतों को लेकर लगातार सवाल उठा रहे हैं। गठबंधन का आरोप है कि इस प्रक्रिया के जरिए मतदाताओं के अधिकार प्रभावित हो सकते हैं। इसी मुद्दे को लेकर दिल्ली में विरोध प्रदर्शन के बाद अब देश के अलग-अलग राज्यों में आंदोलन को विस्तार देने की तैयारी है।




