खरीद-फरोख्त में असफल हुई BJP तो चला यह दांव, मध्य प्रदेश में लोकतंत्र की हत्या हुई: दिग्विजय सिंह
कांग्रेस ने मीनाक्षी नटराजन का राज्यसभा नामांकन रद होने के खिलाफ भोपाल में जोरदार प्रदर्शन और उपवास आंदोलन शुरू किया है। पार्टी इस मुद्दे को सड़क से लेकर चुनाव आयोग और सुप्रीम कोर्ट तक लड़ाई लड़ रही है।
भोपाल। राज्यसभा चुनाव में मप्र से कांग्रेस की एकमात्र प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किए जाने के खिलाफ कांग्रेस सड़क से लेकर संवैधानिक संस्थाओं तक लड़ाई लड़ रही है। भोपाल में कांग्रेस ने गांधीवादी तरीके से प्रदर्शन और उपवास आंदोलन शुरू किया है। पार्टी इस मुद्दे को सड़क से लेकर चुनाव आयोग और सुप्रीम कोर्ट तक लड़ाई लड़ने की तैयारी में है।
भोपाल के रोशनपुरा चौराहे पर आयोजित एकदिवसीय उपवास कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, पीसीसी चीफ जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार समेत पार्टी के तमाम दिग्गज नेता शामिल हुए। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा कि मैं पार्टी के सभी विधायकों को बधाई और बहुत-बहुत आशीर्वाद देता हूं, जिन्होंने एकजुट होकर ये लड़ाई लड़ी।
दिग्विजय सिंह ने कहा कि भाजपा का प्रयास था जोड़-तोड़ करें। लोभ लालच दें और विधायकों की खरीद-फरोख्त करें। लेकिन जब सभी जगह से वे हताश हो गए तो ये दांव खेला। कल मध्य प्रदेश में लोकतंत्र की हत्या हुई। संसदीय जीवन में मुझे 50 साल हो गया। मैंने आधा समय विपक्ष और आधा समय सत्तापक्ष में बिताया है। विपक्ष में रहते हुए हमने अटल जी का शासन भी देखा है। तब नियम और कानून की इज्जत थी। लोग डरते थे कि नियमों का उल्लंघन होगा तो कड़ी कार्रवाई होगी।
यह भी पढ़ें: राज्यसभा चुनाव: ECI के विरुद्ध कांग्रेस नेताओं का भोपाल में सामूहिक उपवास, संविधान की प्रति लेकर बैठे
सिंह ने कहा कि आज ऐसा हो गया है कि नियम, कानून और संविधान की किसी को परवाह नहीं है। आज हमारा देश और लोकतंत्र संकट में है। आज जिस प्रकार से परीक्षाओं में पेपर लीक हो रहा है, परीक्षाएं रद्द हो रही है। व्यापम से लेकर हर जगह गड़बड़ी हो रही है। तीन दिन पहले ही व्यापम के एक दूसरे स्वरूप में सॉफ्टवेयर में गड़बड़ी पाई गई। ब्लैक लिस्टेड कंपनियों को परीक्षाओं का टेंडर दिया जाता है। संविधान, लोकतंत्र के साथ आज युवाओं का भविष्य भी खतरे में है। मैं NSUI और युवा कांग्रेस के साथियों को बधाई देता हूं जो लगातार लड़ाई लड़ रहे हैं। 
सिंह ने मीनाक्षी नटराजन की नामांकन के मुद्दे पर कहा कि निर्वाचन आयोग आज जो भी फैसला करेगा, हम उसे देखेंगे और विचार करेंगे। लेकिन एक बात जरूर है कि हमें ये लड़ाई जमीन पर ज्यादा लड़नी पड़ेगी। हम योजनाबद्ध तरीके से कैसे अपनी बात जन-जन तक पहुंचाएं, उसके लिए हमें लिखित में भी चार्जशीट तैयार करनी पड़ेगी। ताकि हम हमारा संदेश आम आदमी तक अपने साथियों द्वारा पहुंचा सकें। अभी विधानसभा चुनाव में ढाई साल शेष है। हमें हर तरह से तैयारी करना होगा। राहुल गांधी जिस दंबगई से RSS से लड़ रहे हैं, हम सभी को उसी तरह लड़ाई लड़ना होगा।
दिग्विजय सिंह ने आगे कहा कि कल AICC में कांग्रेस पार्टी की महत्वपूर्ण बैठक है। आज भाजपा पूरी कोशिश करेगी कि झूठी खबरें छपें। हमें उससे प्रभावित होने की जरूरत नहीं है। भाजपा की सोशल मीडिया भी एक्टिव रहता है। लेकिन हमें उससे प्रभावित हुए बगैर दृढ़ता से एकजुट होकर लड़ाई लड़ना है।
सिंह ने कहा कि अगर आज चुनाव आयोग मीनाक्षी जी के साथ हुए अन्याय के खिलाफ फैसला लेता है और रिटर्निंग अफसर का निर्णय पलटता है तो मुझे भरोसा है कि पूरी निष्ठा के साथ सभी 62 विधायक इकट्ठे होंगे और एकजुट होकर मीनाक्षी नटराजन को जिताने की पूरी कोशिश करेंगे। हमें संविधान और लोकतंत्र को बचाना है। अमीर आज अमीर होता जा रहा है। अमीर और गरीब की खाई बढ़ती जा रही है। हमें गरीबों के लिए लड़ना है। आज किसान, मजदूर और व्यापारी, सब परेशान हैं। हमें उनकी आवाज बुलंद करनी है। हम एकजुट होकर पूरे प्रदेश में लड़ाई लड़ेंगे।




