घायल ममता बनर्जी ने शुरू किया धुआँधार प्रचार, आज पुरुलिया में करेंगी दो रैलियां

Bengal Elections 2021: मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की आज पुरुलिया के झालदा और बलरामपुर में चुनावी रैलियाँ, चोट लगने के बाद भी कर रही हैं चुनाव प्रचार

Updated: Mar 15, 2021, 05:48 AM IST

Photo Courtesy: ABP News
Photo Courtesy: ABP News

पुरुलिया। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी चोट लगने के बाद भले ही व्हीलचेयर पर हों, लेकिन उनके हौसले लगातार बुलंद हैं। अपनी पार्टी तृणमूल कांग्रेस की सबसे बड़ी स्टार प्रचारक ममता ने धुआंधार तरीके से चुनाव प्रचार शुरू कर दिया है। आज वो पुरुलिया में ताबड़तोड़ दो चुनावी रैलियां करने जा रही हैं। ममता बनर्जी कह चुकी हैं कि उन्हें चुनाव प्रचार से बाहर रखने की कोशिश कभी कामयाब नहीं होगी। 

पुरुलिया में आज ममता बनर्जी की पहली रैली झालदा में दोपहर 1.30 बजे होगी। इसके थोड़ी ही देर बाद यानी दोपहर 3 बजे वे बलरामपुर में भी एक चुनावी रैली करेंगी। वे दुर्गापुर से पुरुलिया पहुंचेंगी। इसके पहले कल कोलकाता में ममता बनर्जी ने अपने इरादे साफ कर दिए थे। उन्होंने कल कहा कि मैंने अपने जीवन में अनेक हमलों का सामना किया है, लेकिन कभी किसी के सामने समर्पण नहीं किया। मैं अपना सिर कभी नहीं झुकाऊंगी। एक घायल बाघिन ज्यादा खतरनाक हो जाती है।

चोट लगने के बाद पहली बार ममता बनर्जी कल शाम हेलिकॉप्टर से दुर्गापुर पहुँची थी। हेलिपैड के बाहर और पूरे रास्ते उनकी एक झलक पाने के लिए लोगों की भारी भीड़ जमा थी। ममता बनर्जी ने व्हील चेयर पर बैठकर ही नंदीग्राम दिवस के मौके पर टीएमसी की पांच किलोमीटर लंबी पदयात्रा की अगुवाई भी की है। 

ममता बनर्जी को 10 मार्च को नंदीग्राम में चुनाव प्रचार के दौरान काफी चोट लगी थी। जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती रहना पड़ा। ममता बनर्जी और उनकी पार्टी ने इस चोट के लिए साजिश के तहत किए गए हमले को जिम्मेदार ठहराया है। जबकि बीजेपी इसे झूठा ड्रामा बता रही है। चुनाव आयोग ने ममता पर हमले की बात को खारिज कर दिया है, लेकिन उनकी सुरक्षा में चूक की वजह से डीएम, एसपी समेत कई अफसरों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। पश्चिम बंगाल की 294 विधानसभा सीटों पर 8 चरणों में चुनाव होने हैं। पहले चरण में 27 मार्च को वोट डाले जाएंगे, जबकि आठवें चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा। परिणामों की घोषणा दो मई को होनी है।