हिमाचल की कांग्रेस सरकार का महिलाओं को बड़ा तोहफा, 1500 रुपए प्रतिमाह देने का ऐलान

हिमाचल प्रदेश की सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार द्वारा 18 साल से 80 साल की महिलाओं के लिए इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना लागू की है। योजना के तहत उन्हें प्रतिमाह 1500 रुपए मिलेंगे।

Updated: Mar 04, 2024, 08:17 PM IST

शिमला। हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने प्रदेश की युवतियों और महिलाओं को बड़ी सौगात दी है। सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार ने इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना लागू करने का ऐलान किया है। इस योजना के तहत 18 साल की लड़कियों से लेकर 80 साल की आयु वर्ग की सभी महिलाओं को प्रतिमाह 1500 रु मिलेंगे।

हिमाचल प्रदेश की लगभग 8 लाख महिलाओं को इस योजना का लाभ मिलेगा। हिमाचल प्रदेश के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि इस पहल- इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना - पर सालाना 800 करोड़ रुपये खर्च होंगे। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही 10 में से पांच चुनावी वादे पूरे हो गए हैं और दोहराया कि पुरानी पेंशन योजना बहाल कर दी गई है, जिससे राज्य के 1.36 लाख कर्मचारियों को फायदा हुआ है।

हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव 2021 से पहले कांग्रेस द्वारा वादा की गई 10 'गारंटी' में से एक थी। बता दें कि बीते दिनों हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार गिराने की षड्यंत्र भी हुई थी। हालांकि, कांग्रेस इस बार डैमेज कंट्रोल में सफल रही। वहीं, पार्टी ने राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग करने वाले 6 सदस्यों की सदस्यता भी रद्द कर दी।