महाराष्ट्र: कोविड़ अस्पताल में आग से 13 की मौत, जांच के आदेश

एकनाथ शिंदे ने घटवा पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि इसके पीछे जिम्मेदार लोगों को बक्शा नहीं जाएगा।

Updated: Apr 23, 2021, 06:35 AM IST

Photo courtesy: ABP
Photo courtesy: ABP

मुंबई। मुंबई के विरार स्थित विजय वल्लभ अस्पताल में शुक्रवार सुबह 4 बजे आग लगने से कोरोना संक्रमित 13 मरीजों की जलकर मौत हो गई। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार 17 कोविड मरीजों का यहां इलाज चल रहा था। घायल मरीजों को नजदीक के दूसरे अस्पताल में शिफ्ट किया गया है। आग लगने की वज़ह शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। आग चार मंजिला अस्पताल की दूसरी मंजिल पर आईसीयू में लगी। फायर बिग्रेड की 10 गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया है।

घटना तड़के 4 बजे की बताई जा रही है। विजय वल्लभ कोविड अस्पताल के अधिकारी दिलीप शाह ने बताया, 'रात 4 बजे ऐसी में से अचानक आग नीचे गिरी, आईसीयू में आग लगने से 13 मरीजों की जलकर मौत हो गई है। गंभीर मरीजो को दूसरे अस्पताल में शिफ्ट किया गया है।' महाराष्ट्र के मुख्यमंक्षी उद्धव ठाकरे ने विजय वल्लभ कोविड अस्पताल में आग लगने की घटना की जांच के आदेश दिए हैं। वहीं महाराष्ट्र के मंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा, 'ये बहुत दुखद घटना है, इसकी जांच होगी और दोषियों पर कार्रवाई होगी। बाकी मरीजों का दूसरे अस्पतालों में शिफ्ट किया जा रहा है। मैंने मुख्यमंत्री से बात की, उन्होंने साफ आदेश दिए हैं कि दोषी पाए जाने वाले किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।'

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाराष्ट्र के पालघर में कोविड अस्पताल में आग लगने की घटना पर दुख जताया। पीएम ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये और गंभीर रूप से घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने को अपनी मंजूरी दी है। वहीं, महाराष्ट्र सरकार ने मृतकों को 5-5 लाख रुपये और घायलों को 1-1 लाख रुपये देने का ऐलान किया है।

 घटना पर उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी कहा कि आग लगने की दुर्घटना से हुई लोगों की मृत्यु दुःखद है। सीएम ने कहा - "विरार, महाराष्ट्र में विजय वल्लभ अस्पताल के ICU वार्ड में आग लगने की दुर्घटना से हुई लोगों की मृत्यु दुःखद है। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति व परिजनों को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें। घायलों व अन्य मरीजों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूँ।"


गौरतलब है कि महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमण की रफ्तार कम होने का नाम नहीं ले रही है। बीते 24 घंटे में महाराष्ट्र के कोरोना के 67 हजार 13 नए मामले सामने आए हैं, जबकि कोरोना से 568 लोगों की मौत हुई है। कोरोना से 75 मौतें राजधानी मुंबई में हुई है। नागपुर में एक दिन में कोरोना के 7334 नए केस आए, कोरोना बीमारी से 110 लोगों की जान जा चुकी है।