रामलीला मैदान में उमड़ा जनसैलाब, राहुल गांधी बोले- राजा मित्रों की कमाई में व्यस्त, प्रजा महंगाई से त्रस्त

कांग्रेस ने आज दिल्ली के रामलीला मैदान में बीजेपी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के खिलाफ ‘मंहगाई पर हल्ला बोल’ रैली आयोजित की है, रामलीला मैदान पहुंचने से पहले राहुल गांधी के ट्वीट कर केंद्र सरकार को निशाने पर लिया है

Updated: Sep 04, 2022, 08:49 AM IST

नई दिल्ली। 7 सितंबर से कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा शुरू होने जा रही है। इससे पहले आज कांग्रेस ने रामलीला मैदान महारैली का आयोजन किया है। ये रैली बढ़ती महंगाई, बेरोज़गारी और GST के मुद्दे पर हो रही है। इस रैली को कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत दूसरे कई नेता संबोधित करेंगे। रैली में पहुंचने से पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्वीट कर केंद्र सरकार पर हमला बोला है।

राहुल गांधी ने लिखा कि, 'राजा मित्रों की कमाई में व्यस्त। प्रजा महंगाई से त्रस्त। आज, लोगों को ज़रूरत का सामान खरीदने से पहले भी दस बार सोचना पड़ रहा है। इन तकलीफों के लिए सिर्फ प्रधानमंत्री ज़िम्मेदार हैं। हम महंगाई के खिलाफ आवाज़ें जोड़ते जाएंगे, राजा को सुनना ही पड़ेगा।'

वहीं, कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख जयराम रमेश ने कहा कि, 'आज जनता के सामने सबसे बड़ी समस्या महंगाई और बेरोजगारी है, हमने 5 अगस्त को जोरदार प्रदर्शन भी किया था। इस रैली से असंवेदनशील मोदी सरकार को संदेश भेजना चाहते हैं कि महंगाई व बेरोजगारी से जनता त्रस्त है, इसका समाधान निकाला जाना चाहिए।'

उधर ऐतिहासिक आंदोलनों का गवाह रह चुके रामलीला मैदान में जनसैलाब उमड़ा हुआ है। कांग्रेस के लाखों कार्यकर्ता रामलीला मैदान में जुटे हुए हैं। इस रैली में देश के अलग अलग हिस्सों से कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हो रहे हैं। रैली की व्यापकता को देखते हुए रामलीला मैदान के आसपास सुरक्षा के पुख़्ता इंतज़ाम किए गए हैं। अतिरिक्त पुलिसबल की तैनाती की गई है, ताकि हालात सामान्य रहे। दिल्ली पुलिस ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर यातायात परामर्श जारी किया है, जिसमें सड़क बंद होने के बारे में यात्रियों को सूचना दी गई है।