ये सत्य की जीत है और PM मोदी के हठ की हार है, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर बोले कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे
मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि ये साझा विपक्ष की जीत है, जिन्होंने छात्रों के हित में संसद से सड़क तक आवाज़ उठाई। अब बारी है मोदी जी को हमारी युवा पीढ़ी से माफ़ी माँगने की और जिन्होंने उनपर लाठी-डंडे-Pellet Guns चलवाई है, उनपर कठोर कार्यवाही करने की।
नई दिल्ली। जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के विरोध प्रदर्शन के बीच आखिरकार केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने अपना इस्तीफा दे दिया। प्रधान के इस्तीफे के बाद देशभर में जश्न का माहौल है। देशभर में युवा सड़कों पर मिठाई बांट रहे हैं। प्रधान के इस्तीफे को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पीएम मोदी के हठ की हार करार दिया है।
मल्लिकार्जुन खड़गे ने एक्स पोस्ट, 'भारत के ‘छात्रों की गूँज’ आख़िरकार अंहकारी सत्ता की दहलीज़ तक पहुँच गई। ये हमारे करोड़ों युवाओं की जीत है जिन्होंने देशभर में शिक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए सड़क पर आवाज़ उठाई। ये सत्य की जीत है और मोदी जी के हठ की हार है।'
मल्लिकार्जुन खड़गे ने आगे कहा, 'ये उन सभी परिवारों की जीत हैं जिन्होंने अपने ख़ून, अपने बच्चों को खोया, क्योंकि यह सरकार भ्रष्टाचारी है। ये साझा विपक्ष की जीत है, जिन्होंने छात्रों के हित में संसद से सड़क तक आवाज़ उठाई। अब बारी है मोदी जी को हमारी युवा पीढ़ी से माफ़ी माँगने की और जिन्होंने उनपर लाठी-डंडे-Pellet Guns चलवाई है, उनपर कठोर कार्यवाही करने की।'
बता दें कि प्रधान का इस्तीफा ऐसे समय में आया है जब आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने आज सुबह दिल्ली में एक कार्यक्रम में कहा था कि हम मनमानी करेंगे, शक्ति से सबके मालिक बनेंगे, ऐसा नहीं हो सकता। इसके बाद ये कयास लगाए जा रहे थे कि युवाशक्ति के आगे मोदी सरकार को झुकना पड़ेगा। भागवत के बयान के कुछ घंटे बाद ही प्रधान ने अपने इस्तीफे का ऐलान कर दिया।




