मोदी सरकार में अरबपति बन गए खरबपति, गरीब हुए कंगाल, कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने केंद्र को घेरा
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने आरोप लगाया कि कर की मार, महंगाई और आर्थिक कुप्रबंधन से मध्यम वर्ग, ग़रीब और उपेक्षित वर्ग सिमट रहा है।

नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बुधवार को आर्थिक असमानता को लेकर केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार में आर्थिक असमानता इतनी भयावह स्तर पर है कि अरबपति, खरबपति बन चुके हैं और गरीब, कंगाल हो रहे। उन्होंने कहा कि इस स्थिति के बीच सरकार सबका साथ, सबका विकास का ढिंढोरा पीटती फिर रही है।
खड़गे ने एक्स पर पोस्ट किया, ‘पिछले 78 वर्षों से किसी सरकार ने आम जनता को आर्थिक रूप से इतना कमज़ोर नहीं किया, जितना मोदी सरकार ने किया है। आर्थिक असामनता भयावह स्तर पर है। अरबपति, खरबपति बन चुके हैं, (और) गरीब, कंगाल हो रहे हैं। ब्रिटिश-राज के दौरान 1820 में मध्यम वर्ग की आमदनी की जो स्थिति थी, वही (स्थिति) आज हो गई है।'
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय श्रम संगठन (आईएलओ) के आंकड़े बताते हैं कि भले ही वह कोई उन्नत डिग्री वाला व्यक्ति हो या कोई कुशल नौकरी कर रहा हो, फिर भी उसे दुनिया में सातवीं सबसे कम मजदूरी दी जाती है। खड़गे ने दावा किया कि मजदूरी वृद्धि दर 2006 में 9.3 प्रतिशत थी, जो 2023 में घटकर 0.1 प्रतिशत रह गई है।
पिछले 78 वर्षों से किसी सरकार ने आम जनता को आर्थिक रूप से इतना कमज़ोर नहीं किया, जितना मोदी सरकार ने प्रताड़ित किया है !
— Mallikarjun Kharge (@kharge) March 26, 2025
आर्थिक असामनता भयावह स्तर पर है। अरबपति, खरबपति बन बैठें हैं, ग़रीब कंगाल हो रहें हैं।
ब्रिटिश-राज पूर्व, 1820 में, मध्यम वर्ग की आमदनी की जो स्थिति थी, वो… pic.twitter.com/yRW16ifwNZ
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि कर की मार, महंगाई और आर्थिक कुप्रबंधन से मध्यम वर्ग, ग़रीब और उपेक्षित वर्ग सिमट रहा है तथा मोदी सरकार ‘‘सबका-साथ, सबका विकास’’ का ढिंढोरा पीटती फिर रही है।