पानी भाप बनकर उड़ जाता है, इसलिए हो रही है शॉर्टेज, दिल्ली में जल संकट पर बोलीं CM रेखा गुप्ता

इतनी गर्मी पड़ रही है। पानी हमारा जो आता है बीच में भाप बनकर उड़ जाता है। उसके कारण शॉर्टेज हो जाती है: दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता

Updated: Jun 05, 2026, 05:30 PM IST

नई दिल्ली। भीषण गर्मी के बीच राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में जल संकट गहरा गया है। राजधानी के कई इलाकों के लोग पानी की किल्लत से परेशान हैं। स्थिति ये है टैंकरों से भी पानी सप्लाई नहीं हो पा रहा है। जल संकट के बीच मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का अजीबोगरीब बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि पानी भाप बनकर उड़ जाता है, इसलिए संकट उत्पन्न हो रही है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का यह बयान तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें वो कहती दिख रही हैं, 'आजकल पानी की कितनी ज़्यादा दिक्कत हो रही है। इतनी गर्मी पड़ रही है। पानी हमारा जो आता है बीच में भाप बनकर उड़ जाता है। उसके कारण शॉर्टेज हो जाती है।' 

दिल्ली सीएम के इस बयान पर कांग्रेस प्रवक्ता रागिनी नायक ने हमला बोला है। रागिनी नायक ने लिखा, 'ये दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का पानी संकट पर विचार है। मूर्खता की भी कोई सीमा होनी चाहिए।' वहीं, आम आदमी पार्टी के पूर्व मंत्री सौरभ भारद्वाज और सामाजिक कार्यकर्ता प्रशांत भूषण समेत कई विपक्षी नेताओं ने भी इस बयान की आलोचना की।

दरअसल, दिल्ली इन दिनों भीषण गर्मी और पानी की कमी से जूझ रही है। बढ़ती मांग, यमुना नदी में कम पानी, पड़ोसी राज्यों से आपूर्ति विवाद, लीकेज और बुनियादी ढांचे की समस्याएं मुख्य कारण माने जा रहे हैं। इसे लेकर द‍िल्‍ली मुख्यमंत्री ने बीते दिनों बताया था कि हरियाणा की तरफ से मुनक नहर के माध्यम से न्यूनतम 1000 क्यूसेक जल आपूर्ति बनाए रखने का आश्वासन दिया गया है। साथ ही उन्होंने दावा किया था कि 980 से अधिक टैंकरों और 6,000 से ज्यादा दैनिक ट्रिप के माध्यम से लोगों तक राहत पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं। हालांकि, ये तमाम दावे हवा-हवाई साबित हुए।