मॉनसून सत्र का आज तीसरा दिन, काले कपड़े पहनकर प्रदर्शन करेंगे कांग्रेस के सांसद

मॉनसून सेशन का आज तीसरा दिन है। सीजेपी के प्रदर्शन और विपक्ष के हंगामे के चलते सदन की कार्यवाही का दूसरा दिन भी हंगामे की भेंट चढ़ गया। आज भी हंगामे के आसार हैं।

Updated: Jul 22, 2026, 10:38 AM IST

नई दिल्ली। संसद के मॉनसून सत्र का आज तीसरा दिन है। कांग्रेस के सांसद आज काले कपड़े पहनकर सदन में प्रदर्शन करेंगे। मंगलवार को भी सदन की कार्यवाही हंगामे की भेंट चढ़ गई। सीजेपी के प्रोटेस्ट के बीच सदन की कार्यवाही को बार-बार स्थगित करना पड़ा। कॉकरेच जनता पार्टी के प्रदर्शन के बीच मंगलवार पर राहुल गांधी, प्रियंका और अखिलेश यादव सहित कई सांसद पीएम आवास के पास धरने पर बैठ गए, जिसके बाद काफी हंगामा हुआ और उन्हें वहां से हटाया गया। इसके बाद राहुल गांधी ने पांच मांगें रखीं, जिसमें प्रमुख मांग थी धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा और इस मामले पर सदन में गृहमंत्री का बयान। 

राहुल ने साथ ही कहा कि हम छात्रों के मुद्दे पर चर्चा चाहते हैं। इसके बाद शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने भी बयान दिया कि सरकार नीट पर चर्चा के लिए तैयार है। सरकार समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। लेकिन उन्होंने राहुल गांधी पर भी निशाना साधा कि वो छात्रों का इस्तेमाल राजनीति के लिए कर रहे हैं। पीएम मोदी ने भी मंगलवार को एनडीए मंगल मिलन कार्यक्रम में पेपर लीक के दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की थी।

कांग्रेस सांसद संसद में काले कपड़े पहनकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कांग्रेस सांसद प्रधानमंत्री मोदी के आवास के बाहर धरने पर बैठे विपक्ष के नेता राहुल गांधी और अन्य सांसदों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई के विरोध में काले कपड़े पहनकर संसद भवन पहुंचेंगे। विपक्षी नेताओं की बैठक सुबह 10 बजे खरगे के चैंबर में बैठक भी आज होने वाली है।

वहीं, सीपीएम सांसद डॉ. वी शिवदासन ने राज्यसभा अध्यक्ष को नियम 267 के तहत नोटिस देकर मांग की कि सदन परीक्षा के संचालन में व्यापक अनियमितताओं और दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर पुलिस द्वारा किए गए क्रूर हमले पर चर्चा करें। उधर, दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन का आज 33वां दिन है। जंतर-मंतर पर मंगलवार को लगातार तीसरी रात भी हजारों प्रदर्शनकारी डटे रहे। इनमें 20 जुलाई को संसद मार्च के दौरान पुलिस की लाठियों, आंसू गैस के गोलों का शिकार हुए लोग भी शामिल थे।

सूत्रों के मुताबिक, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह मंगलवार देर रात गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में सोनम वांगचुक से मिले। वांगचुक 28 जून से अनशन पर हैं और दिल्ली हाईकोर्ट के निर्देश पर उन्हें मंगलवार को सफदरजंग अस्पताल से मेदांता में भर्ती कराया गया है। इधर, दिल्ली पुलिस ने संसद मार्च के दौरान हुई हिंसा के मामले में अब तक 9 से ज्यादा FIR दर्ज की हैं। इनमें RAF जवानों पर जानलेवा हमला, पथराव, तोड़फोड़ और सरकारी काम में बाधा डालने के मामले शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान के लिए 250 से ज्यादा वीडियो खंगाले जा रहे हैं।