छत्तीसगढ़-तेलंगाना बॉर्डर पर भीषण मुठभेड़, 17 नक्सलियों के मारे जाने की खबर, सर्च ऑपरेशन जारी
दंतेवाड़ा, बीजापुर और सुकमा के करीब 1500 जवानों ने इलाके को घेर रखा है। आज सुबह से ही इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सलियों के खिलाफ ऑपरेशन में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। बीजापुर और तेलंगाना की सीमा पर गुरुवार शाम हुई मुठभेड़ में अब तक 17 नक्सलियों के मारे जाने की खबर है। हालांकि, इसकी अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। संख्या बढ़ भी सकती है।
बताया जा रहा है कि छत्तीसगढ़ के तीन जिले दंतेवाड़ा, बीजापुर और सुकमा के करीब 1500 जवानों ने इलाके को घेर रखा है। आज सुबह से ही इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। बीजापुर के अंतर्गत पुजारी कांकेर और मारुडबाका के जंगलों में मुठभेड़ चल रही है।
यह भी पढे़ं: CG: बीजापुर के जंगलों में भीषण मुठभेड़, जवानों ने तीन नक्सलियों को मार गिराया
दरअसल, साउथ बस्तर एरिया के जंगलों में बड़ी संख्या में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना पर गुरुवार सुबह डीआरजी बीजापुर, डीआरजी सुकमा, डीआरजी दंतेवाड़ा, कोबरा 204, 205, 206, 208, 210 और केंद्रीय रिजर्व पुलिस कोर्प की ज्वाइंट फोर्स नक्सल ऑपरेशन पर निकली थी। सुरक्षा बलों को देखते ही नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। तब से मुठभेड़ जारी है।
गुरुवार देर रात तक बीजापुर पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक 12 नक्सलियों को जवानों ने ढेर कर दिया है। सुबह सुबह मिली जानकारी के मुताबिक मुठभेड़ में 17 नक्सलियों के मारे जाने की खबर है। लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है। करीब 1500 जवान इलाके में ही मौजूद हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जब जवान लौटेंगे, सर्च ऑपरेशन पूरा कर लिया जाएगा तभी नक्सलियों को कितना नुकसान हुआ है इस बारे में स्पष्ट पता चलेगा।
जगदलपुर से मिली जानकारी के मुताबिक बस्तर आईजी सुंदरराज पी और सीआरपीएफ आईजी पूरे ऑपरेशन की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। इसके पहले 12 जनवरी को फोर्स ने बीजापुर के मद्देड़ इलाके में 2 महिला नक्सली समेत 5 नक्सलियों को मार गिराया था। घटनास्थल से पांचों के शव के साथ SLR और राइफल बरामद किए थे।