मैंने वही वंदे मातरम गाया जो स्वतंत्रता सेनानी गाते थे, अगर यह अपराध है तो गांधी-नेहरू पर FIR करें: खड़गे

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने वंदे मातरम को लेकर उठे विवाद पर कहा कि उन्होंने वही गीत गाया है, जिसे महात्मा गांधी और जवाहरलाल नेहरू भी गाते थे।

Updated: Aug 18, 2026, 03:51 PM IST

नई दिल्ली। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मंगलवार को 'वंदे मातरम' को लेकर उठे विवाद पर अपनी बात रखी है। खरगे ने कहा कि उन्होंने वही 'वंदे मातरम' गाया है, जिसे स्वतंत्रता सेनानी गाते थे। खरगे ने कब की यदि यह अपराध है तो महात्मा गांधी, पंडित नेहरू और सरदार पटेल के विरुद्ध FIR दर्ज करें।

मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, "मैंने वही 'वंदे मातरम' गाया, जो महात्मा गांधी और जवाहरलाल नेहरू ने गाया था। अगर इसे गाना अपराध है, तो वे (आरोप लगाने वाले) पिछले 18 साल से यह अपराध करते आ रहे हैं। अगर यह अपराध है, तो गांधी जी के खिलाफ मामला दर्ज करें। अगर यह अपराध है, तो नेहरू जी के खिलाफ मामला दर्ज करें। अगर यह अपराध है, तो सरदार वल्लभ भाई पटेल के खिलाफ मामला दर्ज करें।"

खड़गे ने आगे कहा, "उन्हें इस बात की जानकारी नहीं है कि उनके जन्म लेने से भी पहले कांग्रेस ने एक प्रस्ताव पारित करके यह तय किया था कि देश के लिए कौन सा राष्ट्रीय गीत अपनाया जाए। ऐसा नहीं है कि आप जो भी कहेंगे, वही देश का मानक बन जाएगा। कल कोई दूसरी सरकार सत्ता में आ सकती है। अगर वह कुछ कहेगी, तो क्या वह नियम बन जाएगा? हमने सिर्फ उस परंपरा को जारी रखा है, जो 90 साल से चली आ रही है।"