जी भाईसाहब जी: कांग्रेस से आए हैं, बीजेपी की मिटा रहे हैं

MP Politics: बुलडोजर एक्शन के बाद पार्टी की अंदरूनी गुटबाजी खुलकर सड़क पर आ गई है। बीजेपी नेताओं का आरोप है कि कांग्रेस से बीजेपी में आए नेता अब सुनियोजित तरीके से मूल बीजेपी और पुराने कार्यकर्ताओं को खत्म करने का प्रयास कर रहे हैं।

Updated: Nov 24, 2026, 04:25 PM IST

कांग्रेस छोड़ कर बीजेपी में गए नेताओं और स्वयं को मूल बीजेपी का आधार बताने वाले नेताओं का आपसी टकराव सड़क पर आ रहा है। इस बार मामला खंडवा जिले का है। खंडवा के पुनासा में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई हुई।

बीते दिनों जब नगर परिषद की टीम बस स्टैंड इलाके से अतिक्रमण हटाने पहुंची थी, तब वहां तीखा विवाद हो गया था। आरोप है कि इस दौरान अतिक्रमण कार्रवाई में बाधा डाली गई तथा निकाय के जनप्रतिनिधियों और अधिकारी-कर्मचारियों के साथ अभद्रता करते हुए अपशब्द कहे गए और धमकी दी गई। इस घटनाक्रम के बाद पुलिस ने बीजेपी नेता पूर्व नगर अध्यक्ष संजय अजमेरा, पूर्व सोसायटी अध्यक्ष टीकम सिंह और वर्तमान पार्षद अशोक देवड़ा के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। 

इस बुलडोजर एक्शन के बाद पार्टी की अंदरूनी गुटबाजी खुलकर सड़क पर आ गई। कार्रवाई से नाराज तीनों भाजपा नेता पुनासा से खंडवा पहुंचे और सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल से मुलाकात कर अपनी बात रखी। इन नेताओं ने मांधाता से बीजेपी विधायक नारायण पटेल पर आरोप लगाया कि विधायक नारायण पटेल कांग्रेस से बीजेपी में आए हैं और अब वे सुनियोजित तरीके से क्षेत्र की मूल बीजेपी और पुराने कार्यकर्ताओं को खत्म करने का प्रयास कर रहे हैं।

ज्योतिरादित्य सिंधिया को पहले सीएम ने टोका फिर विद्वानों ने रोका

केंदीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया फिर चर्चा में हैं। टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन इन्वेस्टर मीट 2026 कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भाषण दे रहे थे। मंच पर मौजूद सीएम मोहन यादव नोट्स देख रहे थे। उन्हें देख केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि मैं चाहता हूं कि सभी की तालियां अच्छे से बजें और मोहन यादव जी अपने नोट्स को नीचे रख दें। मंत्री सिंधिया की बात सुन कर सीएम डॉ. मोहन यादव पहले हँसे और फिर बोले यहां जो लोग नीचे बैठे हुए हैं, वे कार्यकर्ता नहीं उद्योगपति हैं। सभी ने देखा कि किरकिरी के बाद  सिंधिया हँस कर रह गए। सीएम मोहन यादव ने यह बात मजाकिया अंदाज में जरूर कही लेकिन वायरल वीडियो के राजनीतिक मायने निकाले गए। 

इधर, शिवपुरी और पोहरी दौरे के दौरान अतिथि शिक्षकों ने सिंधिया का काफिला रोककर नियमितीकरण और भविष्य की सुरक्षा को लेकर ज्ञापन सौंपा और पुराना वादा याद दिलाया।  अतिथि शिक्षकों ने भावुक अंदाज में कहा- “साहब! बाल सफेद हो गए, अब तो हमारी ढाल और तलवार बनिए।” 

सिंधिया आवेदन लेकर आगे बढ़ गए। उनका यह व्यवहार विपक्ष के निशाने पर आ गया। गौरतलब है कि वर्ष 2020 में कांग्रेस सरकार के समय ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अतिथि विद्वानों और अतिथि शिक्षकों के नियमितीकरण का समर्थन किया था और वादा पूरा न होने पर सड़क पर उतरने की बात कही थी। बाद में सत्ता परिवर्तन हुआ और अतिथि विद्वानों की नीति व मानदेय को लेकर समय-समय पर फैसले और मांगें सामने आती रही हैं, लेकिन ज्योतिरादित्य सिंधिया के बीजेपी में जाने के बाद भी इस दिशा में पहल नहीं हो पाई। 

अपने क्षेत्र के पोस्टर से गायब बीजेपी के कद्दावर नेता

भोपाल के हुज़ूर विधानसभा क्षेत्र में कोई आयोजन हो और पोस्टर होर्डिंग्स में विधायक रामेश्वर शर्मा न हो ऐसा असंभव लगता है। ऐसा ही इंदौर में क्षेत्र में कैलाश विजयवर्गीय के साथ हैं। मगर ऐसा हुआ। दोनों कद्दावर नेताओं के क्षेत्र में  हुए बीजेपी नेताओं के ही आयोजनों में दोनों नेता का गायब रहना राजनीतिक चर्चा का कारण बना। भोपाल में नाथू बरखेड़ा में महिला एशियन हॉकी टूर्नामेंट का आयोजन हो रहा है। इस पूरे कार्यक्रम के कई होर्डिंग लगे हैं लेकिन इन पर क्षेत्रीय विधायक रामेश्वर शर्मा किसी पर भी दिखाई नहीं दिए।

आमतौर पर विधायक रामेश्वर शर्मा हर इवेंट में सक्रिय रहते हैं और उनके पोस्टर अपने क्षेत्र में ही नहीं, शहर में भी दिखाई देते हैं। हॉकी टूर्नामेंट के प्रचार में उनका गायब रहने का कारण बीजेपी की अंदरूनी राजनीति मानी जा रही है। असल में, इस टूर्नामेंट का आयोजक खेल विभाग है जिसके मंत्री नरेला भोपाल से ही विधायक विश्वास कैलाश सारंग है। माना जा रहा है कि दोनों नेताओं के वर्चस्व के संघर्ष के चलते क्षेत्र में भी रामेश्वर शर्मा आयोजन से दूरी बना कर रहे। वे केवल तब पहुंचे जब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव स्टेडियम आए थे। 

इसी तरह, वर्चस्व का संघर्ष इंदौर विधानसभा एक में दिखाई दिया जहां के विधायक बीजेपी के कद्दावर नेता कैलाश विजयवर्गीय है। उनके क्षेत्र में आयोजित विधायक ट्रॉफी का नाम बदलकर स्वाभिमान ट्रॉफी कर दिया गया। आयोजकों ने पोस्टर-बैनर से भी कैलाश विजयवर्गीय का फोटो व नाम गायब कर दिया। खास बात यह कि बैनर पर विधायक-मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की जगह पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता के फोटो लगा दिए गए। खबरें हैं कि आयोजन के लिए आर्थिक मदद न मिल पाने के कारण आयोजकों ने यह फैसला किया। इससे पहले नवरात्रि में विधानसभा एक के पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता ने चुनरी यात्रा निकाली थी। इसके प्रचार के लिए लगे होर्डिंग से मंत्री विजयवर्गीय गायब थे।

जब घिर गए बीजेपी नेता, पुलिस ने बचाया

जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी में बलिदान हुए सेना के जवान पवन यादव का पार्थिव शरीर देवास जिले के गृहग्राम पोलाय जागीर पहुंचा। शहीद की अंत्येष्टि के दौरान सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी, विधायक राजेश सोनकर सहित कई बीजेपी नेता मौजूद थे। नेताओं ने तमाम बातें तो कही लेकिन परिवार को एक करोड़ की सहायता, स्वजन को नौकरी और बलिदानी का दर्जा दिए जाने को लेकर कोई बात नहीं की गई। इस बात से ग्रामीण नाराज हो गए। उन्होंने नेताओं को घेर लिया। वे इस बात पर अड़े थे कि बीजेपी नेता कोरी बातें ही न करें, जवान के परिजनों के लिए राहत का इंतजाम करें। लेकिन नेता ऐसा कोई आश्वास दे नहीं पाए तो ग्रामीण आक्रोशित हो गए। नेता जवाब नहीं दे पा रहे थे। स्थिति ऐसी बिगड़ी की पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। नाराज जनता के बीच से पुलिसकर्मी विधायक-सांसद को निकालकर ले गए।