सागर में जहरीली शराब से 28 की मौत, पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने मंत्री गोविंद राजपूत पर लगाए गंभीर आरोप
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा है कि जहरीली शराब बनाने वालों से लेकर बेचने वालों तक को मंत्री गोविंद सिंह राजपूत का संरक्षण प्राप्त था।
सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले में जहरीली शराब से मौतों का सिलसिला जारी है। बंडा और शाहगढ़ विकासखंड के गांवों में जहरीली शराब पीने से करीब 28 लोगों की मौत हो चुकी है। लेकिन, प्रशासन ने अब तक 24 मौतों की ही पुष्टि की है। इसके अलावा 100 से ज्यादा मरीज प्रदेश के विभिन्न अस्पतालों में इलाजरत हैं।
इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना ने प्रदेशवासियों को झकझोर दिया है। राज्य सरकार और प्रशासन तंत्र भी सवालों के घेरे में है। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने सीधे तौर पर बीजेपी मंत्री गोविंद सिंह राजपूत पर शराब माफियाओं को सरंक्षण देने का आरोप लगाया है। दिग्विजय सिंह ने एक्स पोस्ट में कहा कि सागर में जहरीली शराब बनाने वालों और बेचने वालों दोनों को मंत्री गोविंद सिंह राजपूत का संरक्षण प्राप्त है।
दिग्विजय सिंह ने दावा किया कि इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना के कुछ समय पूर्व यही अवैध शराब आबकारी/पुलिस विभाग के अधिकारियों ने पकड़ी थी, लेकिन मंत्री राजपूत ने ना केवल अवैध शराब वापस करवा दी बल्कि अपराधियों पर मुकदमा भी नहीं होने दिया। दिग्विजय सिंह ने कहा कि इससे बड़ा प्रमाण और क्या हो सकता है कि मंत्री गोविंद राजपूत के जन्मदिन में उनके करीबी आबकारी ठेकेदार ने 04 सितंबर को अखबार में जन्मदिन की बधाई का विज्ञापन प्रकाशित कराया।
दिग्विजय सिंह ने मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के जन्म दिन पर K.S.R ग्रुप सागर द्वारा लगाये गये होर्डिंग्स की भी तस्वीरें शेयर की है। ये वही ग्रुप है जिसपर जहरीली शराब निर्माण और सप्लाई के आरोप लग रहे हैं। दिग्विजय सिंह ने कहा कि एक तरफ़ RSS नशे के ख़िलाफ़ अभियान चला रही है वहीं, दूसरी ओर बीजेपी के मंत्री जहरीली शराब बनाने वालों को संरक्षण दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि यही भाजपा का हिंदुत्व है।




