स्वच्छता सम्मान की दौड़ से बाहर हुआ भोपाल, कांग्रेस ने निगम कार्यालय में झाड़ू लगाकर किया विरोध
स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में भोपाल को बड़ा झटका लगा है, और शहर राष्ट्रीय स्वच्छता पुरस्कार की अंतिम सूची से बाहर हो गया है। इस नाकामी के बाद कांग्रेस ने नगर निगम कार्यालय में प्रदर्शन किया।
भोपाल। देश के सबसे स्वच्छ शहरों में गिने जाने वाले मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल को स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में बड़ा झटका लगा है। पिछले सर्वेक्षण में देश का दूसरा सबसे स्वच्छ शहर रहा भोपाल इस बार राष्ट्रीय स्वच्छता पुरस्कारों की अंतिम चयन सूची में जगह नहीं बना सका। शहर की इस स्थिति को लेकर नगर निगम प्रशासन और महापौर मालती राय पर सवाल उठने लगे हैं। सोमवार को कांग्रेस नेता अमित शर्मा ने नगर निगम मुख्यालय पहुंचकर झाड़ू लगाई और सफाई व्यवस्था में लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध जताया। वहीं, आदमपुर खंती में जमा करीब 5 लाख टन कचरे का निपटान नहीं होना भी विवाद का प्रमुख कारण बन गया है।
स्वच्छता के क्षेत्र में भोपाल के पिछड़ने के बाद कांग्रेस ने नगर निगम की कार्यप्रणाली के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को कांग्रेस नेता अमित शर्मा झाड़ू लेकर नगर निगम कार्यालय पहुंचे और परिसर में सफाई कर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारियों की लापरवाही और भ्रष्टाचार के कारण शहर की स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित हुई है।
यह भी पढ़ें:दिलजीत दोसांझ के इंदौर कॉन्सर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, ग्वालियर HC को मिला ईमेल
अमित शर्मा ने कहा कि नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारी सफाई व्यवस्था को लेकर गंभीर नहीं हैं। उनके मुताबिक, जब अधिकारी अपनी जिम्मेदारी ठीक से नहीं निभा रहे हैं तो शहर को साफ रखने के लिए जनता को आगे आना पड़ रहा है। उन्होंने नगर निगम परिसर में चलाए गए सफाई अभियान को विरोध की शुरुआत बताते हुए आने वाले दिनों में शहर के अन्य क्षेत्रों में भी इसी तरह अभियान चलाने की बात कही।
भोपाल की स्वच्छता व्यवस्था पर उठ रहे सवालों के बीच आदमपुर खंती का मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है। यहां लंबे समय से करीब 5 लाख टन कचरा जमा होने की बात सामने आई है। इसके वैज्ञानिक तरीके से निपटान का मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच चुका है। स्वच्छता सर्वेक्षण में कचरे के संग्रहण के साथ उसके वैज्ञानिक प्रबंधन और निपटान की व्यवस्था भी महत्वपूर्ण होती है।
जानकारी के अनुसार, सर्वेक्षण टीम ने एक बार शहर का निरीक्षण किया था। जबकि, दूसरी बार निरीक्षण की प्रतीक्षा होती रही। हालांकि, भोपाल के अंतिम चयन सूची से बाहर होने का आधिकारिक कारण स्पष्ट नहीं है। आदमपुर खंती के आसपास रहने वाले लोग भी कचरे की समस्या को लेकर नाराज हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि लंबे समय से जमा कचरे का असर आसपास की आबादी पर पड़ रहा है। उन्होंने नगर निगम से समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।
यह भी पढ़ें:शहडोल में पुलिस वाहन देखकर तालाब में कूदे 4 युवक, 3 की मौत, कलेक्टर ने दिए जांच के आदेश
राष्ट्रीय स्वच्छता सम्मान की सूची में भोपाल का नाम नहीं होने पर महापौर मालती राय ने सर्वेक्षण की पुरस्कार व्यवस्था में हुए बदलावों का हवाला दिया है। उन्होंने बताया कि इस बार स्वच्छता लीग की पुरानी श्रेणी समाप्त कर दी गई है। इसके स्थान पर स्वच्छ शहर और स्वच्छता जोड़ी जैसी श्रेणियों के आधार पर पुरस्कार दिए जाएंगे।
महापौर के अनुसार, पहले स्वच्छता लीग में शामिल 72 शहरों को इस बार संबंधित पुरस्कार श्रेणी से बाहर रखा गया है। उन्होंने आदमपुर खंती में जमा कचरे के निपटान को लेकर बताया कि इसके लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। नगर निगम ने जनवरी तक कचरे को समाप्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। हालांकि, महापौर के इस स्पष्टीकरण के बाद भी विपक्ष और स्थानीय स्तर पर सवाल उठ रहे हैं। कांग्रेस पार्षद नगर निगम प्रशासन के खिलाफ आंदोलन की रणनीति तैयार कर रहे हैं।
स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के तहत देशभर के 4,909 शहरों के प्रदर्शन का आकलन किया गया है। इनमें से 57 शहरों को राष्ट्रीय सम्मान के लिए अंतिम सूची में चुना गया है। मध्य प्रदेश के नौ शहरों को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय समारोह के लिए आमंत्रित किया गया है। इनमें इंदौर, देपालपुर, देवास, उज्जैन, बुदनी, ग्वालियर, जबलपुर, रीवा और सागर शामिल हैं। समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू विजेता शहरों को सम्मानित करेंगी। भोपाल के लिए निराशाजनक बात यह भी है कि वह अपनी जोड़ीदार नगर परिषद बैरसिया के साथ स्वच्छता जोड़ी पुरस्कार की चयन सूची में भी स्थान हासिल नहीं कर पाया।
यह भी पढ़ें:इंदौर के हिंगोट युद्ध में बरसे आग के गोले, 20 से अधिक लोग झुलसे
राष्ट्रीय स्वच्छता सर्वेक्षण में भोपाल का प्रदर्शन पिछले कुछ सालों में उतार चढ़ाव भरा रहा है। साल 2017 और 2018 में राजधानी ने लगातार दो बार देश के दूसरे सबसे स्वच्छ शहर का स्थान हासिल किया था। हालांकि, 2019 में उसकी रैंकिंग गिरकर 19वें स्थान पर पहुंच गई थी। इसके बाद नगर निगम ने स्वच्छता व्यवस्था में सुधार के प्रयास किए और 2023 में भोपाल पांचवें स्थान पर पहुंचा। स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 में शहर ने एक बार फिर दूसरा स्थान हासिल किया था। लेकिन इस बार राष्ट्रीय पुरस्कारों की अंतिम सूची में नाम नहीं आने से उसकी स्वच्छता व्यवस्था और भविष्य की तैयारियों पर सवाल खड़े हो गए हैं।




