अंबेडकर जयंती पर महू पहुंचे पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह, बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दी श्रद्धांजलि

दिग्विजय सिंह महू के शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में भारतीय संविधान प्रचारिणी सभा, भारत के तत्वावधान में आयोजित संविधान पठन एवं संविधान-प्रदर्शनी कार्यक्रम में भी शामिल हुए।

Updated: Apr 14, 2025, 02:03 PM IST

महू। देशभर में आज संविधान निर्माता और भारत रत्न डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर की 134वीं जन्मजयंती मनाई जा रही है। मध्य प्रदेश के महू में बाबा साहेब की जन्मस्थली पर उनके अनुयायियों का तांता लगा है। देशभर के लोग अंबेडकर जयंती के मौके पर महू स्थिति उनके स्मारक पहुंच रहे हैं और उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह भी सोमवार सुबह महू पहुंचे। यहां उन्होंने भीम जन्मभूमि स्मारक पहुंचकर बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही बाबा साहेब द्वारा बनाए संविधान की रक्षा का संकल्प लिया। इसके बाद सिंह महू के शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पहुंचे, जहाँ वे भारतीय संविधान प्रचारिणी सभा, भारत के तत्वावधान में आयोजित संविधान पठन एवं संविधान-प्रदर्शनी कार्यक्रम में शामिल हुए। 

यह भी पढ़ें:  MP में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, उज्जैन समेत 4 जिलों के कलेक्टर बदले

सिंह के अलावा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी भी महू में डॉ. अंबेडकर की जन्मस्थली पहुंचे। यहां बाबा साहेब को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद पटवारी ने कहा कि केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने देश की संसद में बाबा साहेब का अपमान किया है। रविवार को अमित शाह भोपाल आए लेकिन माफी मांगने बाबा साहेब की जन्मस्थली नहीं पहुंचे। उन्हें यहां आकर माफी मांगनी चाहिए थी।

अंबेडकर जयंती के मौके पर महू में देशभर से बाबा साहेब के अनुयायि पहुंचे हैं। उत्तर प्रदेश के एटा निवासी भारत कुमार जाटव साइकिल से 700 किलोमीटर से ज्यादा की यात्रा कर महू पहुंचे हैं। उन्होंने बताया कि वे युवाओं के बीच बाबासाहेब का संदेश पहुंचाने के लिए यहां आए हैं। उनके साथ आईं छतरपुर निवासी विजयलक्ष्मी ने कहा कि मैं बाबासाहेब के उद्देश्यों को लेकर लोगों को जागरूक करने आई हूं।