MP में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, उज्जैन समेत 4 जिलों के कलेक्टर बदले

मध्य प्रदेश सरकार ने 9 आईएएस अधिकारियों और 2 राज्य प्रशासनिक अधिकारियों के तबादले किए हैं। उज्जैन और अशोक नगर के कलेक्टर हटाए गए। विदिशा और हरदा में नए कलेक्टर नियुक्त हुए हैं।

Updated: Apr 14, 2025, 02:00 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश में प्रशासनिक फेरबदल का दौर जारी है। मोहन यादव सरकार ने रविवार को 9 आईएएस अफसरों के तबादले किए हैं। रविवार शाम को जारी आदेश में 4 जिलों उज्जैन, अशोकनगर, हरदा और विदिशा के कलेक्टर बदले गए हैं।

उज्जैन और अशोक नगर के कलेक्टरों को हटाकर नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जबकि विदिशा और हरदा में नए कलेक्टर नियुक्त किए गए हैं। इसके अलावा सिंहस्थ 2028 की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए इंदौर कलेक्टर को अतिरिक्त प्रभार दिया है। दो राज्य प्रशासनिक सेवा अधिकारियों के तबादले भी किए हैं।

यह भी पढ़ें: भाजपा विधायक के बेटे की गुंडागर्दी, देवास माता मंदिर के पट नहीं खोलने पर पुजारी से की मारपीट

संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी बसंत कुर्रे को श्रम विभाग में अपर सचिव बनाया गया है। वहीं संचालक जनसंपर्क अंशुल गुप्ता को विदिशा जिले का कलेक्टर की जिम्मेदारी दी गई है। बीते दिनों उज्जैन कलेक्टर नीरज कुमार सिंह का पारिवारिक विवाद सामने आया था। इस घटनाक्रम की चर्चा सीएम हाउस तक पहुंची थी। हालांकि मामले में किसी पक्ष ने कोई शिकायत नहीं की थी। माना जा रहा है कि इस घटनाक्रम के बाद कलेक्टर नीरज कुमार सिंह को भोपाल भेजा गया है।

शिवराज सिंह चौहान के संसदीय मुख्यालय विदिशा में जनसंपर्क विभाग के संचालक रौशन कुमार सिंह को 8 महीने पहले विदिशा कलेक्टर बनाकर भेजा गया था। रौशन को सीएम मोहन यादव का करीबी माना जाता है। रौशन कुमार सिंह के बाद अब जनसंपर्क विभाग के संचालक अंशुल गुप्ता को विदिशा का कलेक्टर बनाकर भेजा गया है। अंशुल विदिशा के दूसरे ऐसे कलेक्टर होंगे जो जनसंपर्क संचालक के बाद विदिशा के कलेक्टर की कमान संभालेंगे।

इसके अलावा जनजातीय कार्य विभाग के पीएस गुलशन बामरा को अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान भोपाल के सीईओ का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं, इंदौर कलेक्टर आशीष सिंह को सिंहस्थ मेला उज्जैन के मेला अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। राज्य योजना आयोग के सदस्य सचिव ऋषि गर्ग को अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान भोपाल के संचालक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।