उत्तराखंड में घर बनाना चाहते हैं क्रिकेटर ऋषभ पंत, जमीन तलाशने में CM धामी से मांगी मदद

उत्तराखंड में जमीन के लिए 3 साल से परेशान क्रिकेटर ऋषभ पंत की ट्विटर पोस्ट पर CM पुष्कर सिंह धामी का बड़ा बयान आया है। धामी ने पंत को राज्य का बेटा बताते हुए अधिकारियों को जमीन दिलाने में हर संभव मदद के निर्देश दिए हैं।

Updated: Aug 08, 2026, 02:55 PM IST

भारतीय क्रिकेटर ऋषभ पंत की अपने गृह राज्य उत्तराखंड में जमीन खरीदकर घर बनाने की इच्छा अब पूरी होने की उम्मीद जगी है। पंत की सोशल मीडिया पर की गई अपील पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि पंत उत्तराखंड के बेटे हैं और राज्य सरकार उनकी हरसंभव मदद करेगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को पंत से बात करने और जमीन खरीदने से जुड़ी प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग देने के निर्देश देने की बात कही है।

दरअसल पंत ने हाल ही में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी परेशानी साझा करते हुए बताया था कि वह पिछले तीन साल से उत्तराखंड में जमीन खरीदने की कोशिश कर रहे हैं लेकिन अब तक उन्हें जमीन नहीं मिल सकी है। उन्होंने कहा कि वह दिल्ली से उत्तराखंड वापस आकर अपने गृह राज्य में घर बनाना चाहते हैं और इसके लिए सरकार से मदद की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें:इंस्टाग्राम पर सस्ते थाईलैंड ट्रिप का विज्ञापन देख फंसी इंदौर की युवती, झांसा देकर ठगों ने ऐंठे 44 हजार रुपए

पंत ने अपनी पोस्ट में मुख्यमंत्री धामी से सीधे अपील करते हुए कहा था कि वह उत्तराखंड से हैं और उन्हें अपने राज्य से बेहद लगाव है। उन्होंने लिखा कि वह अपने पहाड़ी लोगों के बीच वापस लौटना चाहते हैं लेकिन तीन साल की कोशिश के बावजूद जमीन नहीं मिल पाई है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मामले को देखने और जमीन खरीदने में सहायता करने का अनुरोध किया।

अपनी ही पोस्ट पर किए गए एक कमेंट में पंत ने यह भी स्पष्ट किया कि अगर सरकार अनुमति दे तो वह राज्य सरकार से जमीन खरीदना चाहते हैं। उनका कहना था कि सरकार की तय दर पर जमीन मिलने से वह उत्तराखंड में अपना पहला घर बना सकेंगे। पंत ने यह भी स्वीकार किया कि उन्हें इस प्रक्रिया की जानकारी नहीं थी और इसलिए उन्होंने सरकार से मदद मांगी।

पंत की अपील पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड में आने वाले हर व्यक्ति का स्वागत है और ऋषभ पंत तो राज्य के अपने बेटे हैं। उन्होंने कहा कि पंत ने क्रिकेट के क्षेत्र में देश के साथ-साथ उत्तराखंड का नाम भी रोशन किया है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, अधिकारी पंत से बातचीत करेंगे और जरूरत पड़ने पर उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

यह भी पढ़ें:उज्जैन स्थित विक्रमादित्य यूनिवर्सिटी का कारनामा, छात्र को 1600 में से मिले 1604 अंक

पंत का जन्म हरिद्वार जिले के रुड़की में हुआ था। उन्होंने क्रिकेट की शुरुआती यात्रा रुड़की से शुरू की थी लेकिन प्रोफेशनल क्रिकेट में आगे बढ़ने के लिए दिल्ली चले गए थे। घरेलू क्रिकेट में वह दिल्ली का प्रतिनिधित्व करते हैं। अब वह अपने गृह राज्य उत्तराखंड में स्थायी रूप से घर बनाने की इच्छा जता चुके हैं।

टैक्स के मामले में भी पंत उत्तराखंड में शीर्ष पर हैं। वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए वह राज्य में सबसे ज्यादा इनकम टैक्स जमा करने वाले व्यक्ति बताए गए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने इस अवधि में करीब 23.84 करोड़ रुपए का इनकम टैक्स भरा है।

क्रिकेट करियर की बात करें तो पंत ने अब तक IPL में 139 मैच खेलते हुए 3,865 रन बनाए हैं। वह 2016 से 2024 तक लगातार नौ सीजन दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा रहे हैं। हालांकि, साल 2025 के मेगा ऑक्शन से पहले फ्रेंचाइजी के साथ मतभेद के बाद दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें रिलीज कर दिया था। इसके बाद पंत ने 2025 और 2026 के IPL सीजन लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए खेले थे। अब IPL 2027 में पंत एक बार फिर दिल्ली कैपिटल्स की जर्सी में नजर आएंगे।

यह भी पढ़ें:MP: साइबर ठगी के मामले में BJP नेता गिरफ्तार, 2 फीसदी कमीशन पर उपलब्ध कराता था बैंक खाता