भोपाल में पिता के सामने बेटे की बेरहमी से हत्या, तीन युवकों ने घेरकर पीटा, फिर पेट में घोंपा चाकू
एडिशनल डीसीपी मलकीत सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में दोनों पक्षों के बीच लड़की को लेकर विवाद होने की बात सामने आई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में पिता के सामने एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि तीन लोगों ने पहले 25 वर्षीय युवक को पीटा, फिर पेट में चाकू घोंप दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है। हत्या से गुस्साए परिजन थाने पर विरोध प्रदर्शन करने पहुंच गए और आरोपियों की गिरफ्तारी के आश्वासन के बाद ही वहां से हटे।
मृतक के परिजन ने चार लोगों पर आरोप लगाया है। आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग को लेकर परिजन और स्थानीय निवासियों ने थाने पर प्रदर्शन किया। पुलिस के अनुसार मोहल्ले में रहने वाले राज सोलंकी, लक्की सोलंकी और शुभम सोलंकी ने अदनान को मस्जिद के पास गली में घेर लिया। इसके बाद उसकी पिटाई की और पेट में चाकू घोंप दिया।
यह भी पढ़ें: इंदौर में बैडमिंटन खेलते वक्त डॉक्टर की बिगड़ी तबीयत, मौत, हार्ट अटैक की आशंका
मामला भोपाल के गांधी नगर इलाके में सोमवार रात 10:30 बजे का है। प्रारंभिक जांच में लड़की को लेकर विवाद की बात सामने आई है। गांधी नगर निवासी महबूब खान ने बताया कि मृतक अदनान खान मेरा मौसेरा भाई था। वह टू व्हीलर मैकेनिक था। हम दोनों मोहल्ले की मस्जिद में नमाज पढ़ने गए थे। अदनान नमाज के बाद बाहर निकला। मैं तरावीह पढ़ने लगा था।
महबूब खान ने आगे बताया कि कुछ देर बाद अदनान के पिता के चीखने की आवाज आने लगी। मैं और अन्य लोग बाहर पहुंचे। वहां अदनान खून से लथपथ हालत में दिखा। उसे पास के अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। महबूब ने बताया कि मोहल्ले में रहने वाले राज सोलंकी, लक्की सोलंकी और शुभम सोलंकी ने अदनान को मस्जिद के पास गली में घेर लिया। पहले उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट की, इसके बाद राज ने पेट में चाकू घोंप दिया।
अदनान परिवार का दूसरे नंबर का बेटा था। उसका बड़ा भाई फैजान जबकि छोटा सुबहान है। एक बहन है, जिसकी शादी हो चुकी है। मामले पर एडिशनल डीसीपी मलकीत सिंह ने कहा कि शुरुआती जांच में दोनों पक्षों के बीच लड़की को लेकर विवाद होने की बात सामने आई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।