गुना में दूल्हे से मारपीट कर फिल्मी स्टाइल में दुल्हन का अपहरण, पुलिस ने 250 KM पीछा कर पकड़ा

गुना जिले में हाईवे पर फिल्मी अंदाज में चलती कार से दुल्हन का अपहरण हुआ। बदमाशों ने दूल्हे की कार रुकवाकर शीशे तोड़े, दूल्हे को धमकाया और दुल्हन को ले भागे।

Updated: Mar 03, 2025, 02:09 PM IST

गुना। मध्य प्रदेश के गुना जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां फिल्मी अंदाज में चलती कार से दूल्हे के सामने दुल्हन का अपहरण कर लिया गया। दिनदहाड़े अपहरण की इस वारदात के बाद पुलिस एक्टिव हुई और 250KM पीछा कर पुलिस ने बदमाशों को पकड़ा।

बताया जा रहा है कि राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले के निवासी पच्चीपल्या के रहने वाले विक्रम नायक (23) की शादी अशोकनगर की रहने वाली एक युवती से हुई थी। शनिवार को राजस्थान से बारात आई थी। रात में धूमधाम से शादी की रस्में हुईं। विदाई के बाद रविवार सुबह दूल्हा अपनी दुल्हन को लेकर अशोकनगर से राजस्थान के लिए कार से निकला।

यह भी पढ़ें: MP: बड़वानी में किसान का अनोखा प्रदर्शन, सांसद शिविर में शिकायतों की माला पहनकर पहुंचा

सुबह 9:30 बजे वह अशोकनगर से निकले और तकरीबन 10:30 बजे वह नेशनल हाईवे 46 पर गुना जिले के रूठियाई इलाके में पहुंचे। यहां एक स्कॉर्पियो उनकी कार के सामने आकर अचानक रुकी। उसमें से कुछ लोग उतरे। उन्होंने चाकू से गाड़ी की खिड़की के कांच तोड़ दिए। इसके बाद दूल्हे को नीचे उतारा और उसके साथ मारपीट की। इसके बाद उन्होंने दुल्हन को नीचे उतारा और अपनी कार में लेकर फरार गए। बदमाश कार के चारों टायरों को चाकू से पंचर भी कर गए।

घटना के बाद रूठियाई चौकी पर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई। पुलिस ने सबसे पहले गाड़ी नंबर से गाड़ी मालिक की जानकारी निकाली और बात की, तो पता चला कि गाड़ी में GPS लगा हुआ है। इसी एक क्लू के आधार पर पुलिस ने अपनी जांच आगे बढ़ाई और बदमाशों का पीछा करना शुरू किया। वाहन मालिक पुलिस को गाड़ी की लोकेशन देता जा रहा था।

SP संजीव कुमार सिंहा के निर्देशन और राघौगढ़ SDOP दीपा डुडवे के मार्गदर्शन में पुलिस की तीन टीमें बनाई गईं थीं। तीनों ही टीमें बदमाशों के पीछे लगी हुईं थीं। बदमाशों को पता चल चुका था कि पुलिस उनके पीछे लगी है। वह इंदौर रोड पर भागते हुए देवास तक पहुंच गए। वहां से उन्होंने भोपाल रोड पर गाड़ी डाली और एक जगह गाड़ी छोड़कर पैदल ही भाग गए। 

पुलिस जब गाड़ी तक पहुंची, तो गाड़ी खाली मिली। इसके बाद पुलिस ने आगे के रास्तों पर सर्चिंग की और घेराबंदी कर पांच बदमाशों को पकड़ लिया। उनके साथ दुल्हन भी थी। इस दौरान दो बदमाश भागने में कामयाब हो गए। दुल्हन की उम्र 18 वर्ष है। उसकी दादी ने बताया कि कुछ समय पहले वह इंदौर में पढ़ती थी। वहीं पर किराए से कमरा लेकर रहती थी। जो आरोपी पकड़े गए हैं, वो भी इंदौर के ही रहने वाले हैं। यह माना जा रहा है कि शायद वहीं से लड़की की इनमें से किसी से पहचान हुई हो।