लद्दाख के LG बनाए गए कविंदर गुप्ता, असीम घोष होंगे हरियाणा के नए राज्यपाल, अशोक गजपति को गोवा की कमान

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने लद्दाख, हरियाणा और गोवा के नए राज्यपालों की नियुक्ति की है। कविंदर गुप्ता लद्दाख, असीम कुमार घोष हरियाणा और अशोक गजपति राजू गोवा के राज्यपाल बने हैं।

Updated: Jul 14, 2025, 06:10 PM IST

नई दिल्ली। राष्ट्रपति ने हरियाणा, गोवा के राज्यपाल और लद्दाख के उपराज्यपाल बदले हैं। भाजपा नेता कविंदर गुप्ता को केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख नया उपराज्यपाल नियुक्त किया है। से रिटायर्ड ब्रिगेडियर डॉ. बीडी मिश्रा के इस्तीफे के बाद यह पद खाली हुई थी। कविंदर गुप्ता जम्मू-कश्मीर के सीनियर भाजपा नेता हैं और महबूबा मुफ्ती के मुख्यमंत्री रहते हुए राज्य के उपमुख्यमंत्री के रूप में काम कर चुके हैं।

इसके अलावा प्रोफेसर अशीम कुमार घोष को हरियाणा और पुसपति अशोक गजपति राजू को गोवा का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि उपरोक्त सभी नियुक्तियां संबंधित पदों का कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से प्रभावी होंगी।

अशीम कुमार घोष हरियाणा के 19वें राज्यपाल बने हैं। इससे पहले बंडारू दत्तात्रेय राज्यपाल थे। वह 7 जुलाई 2021 से यह जिम्मेदारी संभाल रहे थे। अशीम घोष पश्चिम बंगाल के हावड़ा के रहने वाले हैं। 1999 से लेकर 2002 तक पश्चिम बंगाल में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं।

अशीम घोष कोलकाता के मनिन्द्र चंद कॉलेज में पॉलिटिकल साइंस के प्रोफेसर रहे हैं। अटल बिहारी वाजपेयी की कैबिनेट में मंत्री रहे तपन सिखदर अशीम को राजनीति में लाए थे। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने ही उनकी निपुणता को देखते हुए पार्टी की कमान सौंपी थी।

वहीं, वरिष्ठ राजनेता और पूर्व केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री अशोक गजपति राजू को गोवा के 19वें राज्यपाल पीएस श्रीधरन पिल्लई की जगह नियुक्त किया गया है। पिल्लई 15 जुलाई को गोवा के राज्यपाल बनाए गए थे। आंध्रप्रदेश के रहने वाले गजपति राजू 1978 से लेकर 2014 तक लगातार 7 बार विधायक चुने गए। वे सरकार में वित्त, योजना, विधायिका एवं राजस्व मंत्रालय संभाल चुके हैं।