BJP-RSS दलितों को आगे बढ़ते हुए नहीं देखना चाहती, राहुल गांधी ने प्रोजेक्टर पर खड़गे का भाषण दिखाया
राहुल गांधी ने कहा कि कुछ स्कूलों में दलित बच्चों से टॉयलेट साफ करवाए जाते हैं और उनसे झाड़ू-पोछा कराया जाता है। ऐसी घटनाओं का बच्चों के मानसिक विकास और आने वाली पीढ़ियों की सोच पर गंभीर असर पड़ता है।
नई दिल्ली। लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर केंद्र की BJP सरकार और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर निशाना साधा है। उन्होंने देश में दलितों के साथ कथित भेदभाव और अत्याचार का मुद्दा उठाते हुए कहा कि भारत में आज भी दो विचारधाराओं के बीच लड़ाई चल रही है। एक तरफ संविधान है, जबकि दूसरी तरफ बीजेपी और आरएसएस की विचारधारा है।
राहुल गांधी ने कहा कि भारत का संविधान डॉ. भीमराव अंबेडकर, महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू और सरदार पटेल की विचारधारा का प्रतिनिधित्व करता है। देश में मौजूदा राजनीतिक संघर्ष को इसी वैचारिक टकराव के रूप में देखा जाना चाहिए। उन्होंने दलितों के साथ भेदभाव के उदाहरण गिनाते हुए कहा कि संविधान ने छुआछूत और भेदभाव को गैरकानूनी घोषित कर दिया है, लेकिन समाज के कई हिस्सों में ऐसी घटनाएं अब भी देखने को मिलती हैं।
राहुल गांधी ने कहा कि कुछ स्कूलों में दलित बच्चों से टॉयलेट साफ करवाए जाते हैं और उनसे झाड़ू-पोछा कराया जाता है। ऐसी घटनाओं का बच्चों के मानसिक विकास और आने वाली पीढ़ियों की सोच पर गंभीर असर पड़ता है। राहुल गांधी ने गांवों में पानी के स्रोतों के इस्तेमाल को लेकर भी भेदभाव का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कई जगहों पर दलितों को सार्वजनिक कुओं से पानी लेने की अनुमति नहीं दी जाती और उन्हें अलग व्यवस्था करने के लिए मजबूर होना पड़ता है।
उन्होंने चाय की दुकानों पर कथित तौर पर अलग-अलग कप रखे जाने का भी जिक्र किया। उनके मुताबिक, कुछ स्थानों पर दलितों के लिए ऐसे कप इस्तेमाल किए जाते हैं जिन्हें इस्तेमाल के बाद फेंक दिया जाता है, जबकि अन्य लोगों को कांच के कप दिए जाते हैं। कांग्रेस नेता ने शादी और बारात के दौरान दलितों के घोड़े पर चढ़ने को लेकर होने वाली कथित हिंसा का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि आज भी कई जगहों पर दलित दूल्हों को घोड़े पर बैठने से रोका जाता है और विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की जाती है।
राहुल गांधी ने कहा कि यह केवल किसी एक इलाके की समस्या नहीं है, बल्कि उत्तर भारत के शहरों और गांवों में ऐसी घटनाएं देखने को मिलती हैं। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि भाजपा दलितों को आगे बढ़ते हुए नहीं देखना चाहती। उन्होंने कहा कि दलित व्यक्ति जितना अधिक सफल होता है, उसके खिलाफ उतना ही बड़ा हमला किया जाता है।




