जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी का प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग

जंतर-मंतर पर हजारों प्रदर्शनकारी इकट्ठा हुए हैं। जिसमें ज्यादातर स्टूडेंट और युवा हैं। कुछ बुजुर्ग भी अपने बच्चों के साथ विरोध करने आए हैं।

Updated: Jun 06, 2026, 01:16 PM IST

नई दिल्ली। CJP यानी कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके जंतर मंतर पहुंच गए हैं। शनिवार सुबह वो अमेरिका से दिल्ली आए हैं। जंतर-मंतर पर CJP प्रदर्शन कर रही है। यहां शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो के नारे लगाए जा रहे हैं। इस तरह एक व्यंगात्मक सोशल मीडिया कैंपेन 'कॉकरोच जनता पार्टी' यानी सीजेपी, वर्चुअल दुनिया से वास्तविक दुनिया यानी कि सड़क पर उतर चुकी है।

जंतर-मंतर पर हजारों प्रदर्शनकारी इकट्ठा हुए हैं। जिसमें ज्यादातर स्टूडेंट और युवा हैं। कुछ बुजुर्ग भी अपने बच्चों के साथ विरोध करने आए हैं। इस बीच एक शख्स CJP के विरोध में हिट (कॉकरोच मारने वाला) लेकर आया। हालांकि, उसे बाहर कर दिया गया। यह प्रदर्शन CJP फाउंडर अभिजीत दीपके की अगुआई में हो रहा है। 

अभिजीत शनिवार सुबह अमेरिका से दिल्ली लौटे। वे एयरपोर्ट से सीधे प्रदर्शन करने पहुंचे। सीजेपी के प्रवक्ता सौरभ ने कहा कि NEET पेपर लीक से 22 लाख छात्र प्रभावित, CBSE के OSM मार्किंग से 17 लाख छात्र प्रभावित हुए हैं क्या सरकार की कोई जिम्मेदारी नहीं है। हम शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से तत्काल इस्तीफे की मांग करते हैं।

उधर, कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के फाउंडर अभिजीत दीपके के घर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। दीपके का घर महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर शहर के वलूज इलाके में है। पुलिस के अनुसार, दीपके के घर आने के बाद उनके घर के बाहर भीड़ जुटने की आशंका को देखते हुए सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पहले दीपके के घर पर एक सुरक्षाकर्मी तैनात था, लेकिन अब एक अधिकारी सहित 10 पुलिसकर्मी मौजूद रहेंगे।