भारत की लड़कियां, भारत की सबसे बड़ी ताकत हैं, पुणे में छात्रों की गूंज कार्यक्रम में बोले राहुल गांधी

राहुल गांधी छात्रों की गूंज कार्यक्रम में आई लड़कियों का स्वागत करते हुए कहा कि आप करोड़ों लड़कियों में से हर एक मेरे लिए विशेष है। उन्होंने कहा कि भारत की लड़कियां, भारत की सबसे बड़ी ताकत हैं।

Updated: Aug 22, 2026, 08:54 PM IST

पुणे। पुणे में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में छात्राओं से जुड़े तमाम मुद्दों पर बात की। कार्यक्रम के दौरान हजारों की संख्या में छात्राएं शामिल हुईं और उन्होंने राहुल गांधी के समर्थन में नारे लगाए। कार्यक्रम में राहुल गांधी ने देश की महिलाओं को देश की सबसे बड़ी पूंजी बताया। राहुल गांधी ने कहा कि भारत की लड़कियां, भारत की सबसे बड़ी ताकत हैं।

राहुल गांधी ने अपने संबोधन में कहा कि देश की लड़कियों का आजाद होना जरूरी है। पिता, पति और बेटे से आपका रिश्ता है, लेकिन आपकी पहचान उनसे नहीं है। उन्होंने कहा कि मनुस्मृति कहती है लड़की पिता, पति, बच्चों की संपत्ति है। यह शर्मनाक, महिलाओं को आजाद होना चाहिए। वे किसी पर आश्रित नहीं हैं।

राहुल गांधी ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ 3 तरह से हिंसा होती है। पहली- पैदा होते ही हत्या, दूसरी- शारीरिक अत्याचार, तीसरी- आर्थिक बंदिशें।’ राहुल गांधी ने कहा, 'ये माइंड सेट कहां से आता है कि लड़की को नहीं पढ़ाना, लड़के को पढ़ाना है। लड़की को जॉब नहीं करने देना है। लड़की बहुत मॉर्डन हो गई है। 60% लड़कियां घर से अकेली नहीं जा सकती हैं। अगर जाना होता है तो किसी के साथ जाना होता है। 45% शादी के लिए या हाउसवर्क के लिए ड्रॉपआउट करती हैं। आखिरी जो शायद सबसे अमेजिंग आंकड़ा है कि इस देश में सिर्फ 8 फीसदी महिलाओं के पास इंडिपेंडेंटली ओन्ड प्रॉपर्टी है।'

राहुल गांधी ने इस दौरान एक महिला से पूछा कि एक आदमी किसी महिला को कंट्रोल क्यों करना चाहता है। क्या आप ये महसूस करती हैं कि एक आदमी पितृसत्ता के तहत आपको नियंत्रित करना चाहता है। इसपर महिला ने जवाब दिया कि जब मैं अपने आपको देखती हूं कि तो मैं जानती हूं कि मैं एक इंसान हूं। मुझे गुस्सा आता है जब मुझे ये सब झेलना पड़ता है कि लोग मुझसे कहते हैं कि तुम तो एक महिला हो। मुझे यह कहा जाता है कि तुम तो लड़की हो सुंदर हो कोई भी शादी कर लेगा और अच्छा जीवन जिओगी।

राहुल गांधी ने बीजेपी नेता मनोहर लाल खट्टर के बयान का जिक्र करते हुए कहा, 'खट्‌टर जी कहते हें कि रेप महिला के कारण होता है। ये एक माइंड सेट है। लड़की की एक जगह है, उसे पिंजरे में बंद होना चाहिए। लड़कों को फुल फ्रीडम होनी चाहिए। वे चाहें गाली दें काम करें घूमें फिरें। हमें ऐसा हिंदुस्तान नहीं चाहिए। आपके दिल में जो डर है उसे जल्द से जल्द मिटा देना है। आप इस देश की नींव हो भविष्य हो ..आपको पितृसत्ता डराती है, दबाती है, कंट्रोल करती है, तो इसे मिलकर खत्म करना है। मेरा संदेश है कि बी लाउड, बी प्राउड.. एंड फाइट फोर योर सेल्फ।'

इस कार्यक्रम में गायिका नेहा सिंह राठौर भी शामिल हुईं। इस दौरान नेहा ने कहा मैं भोजपुरी में लोकगीत गाती हूं। सरकार से सवाल पूछती हूं और बदले में ढेर सारे सवाल और FIR झेलनी पड़ती हैं। जब मैं नई शादी करके आई तब मैंने उस वक्त गाया था यूपी में काबा... तब मेरे घर पुलिस पहुंची। ससुराल वाले कहते थे, कैसे लड़की ब्याह लाए हो, रोज पुलिस आ रही है। महिलाओं की ट्रोलिंग अलग ढंग से होती है। बस इतना कह दिया जाता है कि इसका चरित्र खराब है। हम यहां पीछे हट जाते हैं। लोग 5 साल से गाली दे रहे हैं और कहते हैं कि इतनी गाली खाती हो फिर भी नहीं सुधरी।

बता दें कि इस कार्यक्रम में सिर्फ छात्राओं को ही बुलाया गया था। इस दौरान इन्होंने राहुल-राहुल के नारे लगाए। इससे पहले उन्होंने कोटा में 17 जून, देहरादून में 17 जुलाई और प्रयागराज 8 अगस्त को छात्रों से बातचीत की थी। इस दौरान राहुल ने पेपर लीक और देश की शिक्षा व्यवस्था में सुधार से जुड़े मुद्दे उठाए थे।