Election Result LIVE: झारखंड में INDIA गठबंधन ने मारी बाजी, महाराष्ट्र में महायुति को एकतरफा बढ़त
महाराष्ट्र और झारखंड के नतीजे काफी हद तक स्पष्ट हो चुके हैं। महाराष्ट्र में महायुति गठबंधन जबकि झारखंड में झामुमो-कांग्रेस गठबंधन सरकार बनाने जा रही है।
महाराष्ट्र की 288 सीटों और झारखंड की 81 सीटों पर आज चुनावी रुझान सामने आ चुके हैं। अब यह साफ हो गया है कि जनता किस पार्टी की किस्मत चमकाने जा रही है। महाराष्ट्र में महायुति वहीं, झारखंड में भी इंडिया ब्लॉक सरकार बनाती नजर आ रही है।
झारखंड में सोरेन का जलवा कायम
झारखंड के रुझानों में झामुमो गठबंधन 50 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। यह आंकड़ा बहुमत 41 से 9 सीट ज्यादा है। भाजपा गठबंधन 29 सीटों पर आगे चल रहा है। अन्य 2 सीट पर बढ़त बनाए हुए हैं। रुझानों को देखते हुए झामुमो की सहयोगी कांग्रेस ने आगे की रणनीति पर मीटिंग शुरू कर दी है। उधर भाजपा दफ्तर पर कोई हलचल नहीं दिखाई दे रही है।
महाराष्ट्र में महायुति सरकार
महाराष्ट्र की 288 विधानसभा सीटों पर सुबह 8 बजे से मतगणना जारी है। भाजपा गठबंधन रुझानों में एक तरफा जीत की ओर आ गया। उसे 214 सीटें मिलती दिख रही हैं। उधर, कांग्रेस गठबंधन पिछड़ गया है। वह 54 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। भाजपा 149 सीटों पर चुनाव लड़ी थी। इनमें 128 सीटों पर आगे है।
झारखंड में पहली बार हुई है 68 फीसदी वोटिंग
झारखंड में 13 और 20 नवंबर को मतदान हुआ था। राज्य गठन के बाद इस विधानसभा चुनाव में सबसे ज्यादा 68% वोटिंग हुई। 2019 में 66.4% मतदान हुआ था। 2019 विधानसभा चुनाव में JMM 30, कांग्रेस 16 और राजद ने एक सीट पर जीत दर्ज की थी। तीनों पार्टियों का गठबंधन था। तब मुख्यमंत्री JMM नेता हेमंत सोरेन बने थे। वहीं, BJP को 25 सीटें मिली थीं। तब भाजपा अकेले मैदान में थी। इस बार भाजपा आजसू, जदयू और चिराग पासवान की LJPR के साथ चुनाव लड़ रही है। वहीं, JMM का कांग्रेस, राजद और माले के साथ गठबंधन है।
महाराष्ट्र में हुई 4 फीसदी अधिक वोटिंग
महाराष्ट्र विधानसभा की 288 सीटों पर 20 नवंबर को वोटिंग हुई थी। 2019 के मुकाबले इस बार 4% ज्यादा वोटिंग हुई। 2019 में 61.4% वोट पड़े थे। इस बार 65.11% वोटिंग हुई। वोटिंग खत्म होने के तीसरे दिन एग्जिट पोल आए। 11 पोल में से 6 में भाजपा गठबंधन यानी महायुति की सरकार बनने का अनुमान है। 4 पोल में कांग्रेस गठबंधन यानी महाविकास अघाड़ी (MVA) और एक पोल में हंग एसेंबली की संभावना है।
झारखंड में JMM जीत को लेकर आश्वस्त
रांची से JMM प्रत्याशी महुआ माजी ने चुनाव नतीजों पर कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि रांची की जनता मुझे चुनेगी क्योंकि उनकी आंखों में मैंने अपने लिए विश्वास देखा है, मैं उनकी उम्मीदों और सपनों को जरूर पूरा करूंगी। हम फिर से सरकार बनाएंगे और जो काम समय की कमी के कारण नहीं हो पाए, उन्हें भी पूरा करेंगे।