Congress Protest LIVE Update: राहुल गांधी ने कहा, मोहन भागवत ने मोदी का विरोध किया तो उन्हें भी आतंकवादी कह देंगे
राहुल गांधी ने कृषि कानूनों के खिलाफ ज्ञापन राष्ट्रपति को सौंपा, प्रियंका गांधी समेत बाकी नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लेने के बाद छोड़ा, प्रियंका गांधी ने कहा, किसानों के बारे में ग़लत बयान देने वाले पाप कर रहे हैं
किसानों के बारे में ग़लत बयान देने वाले पाप कर रहे हैं : प्रियंका गांधी

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने आज कांग्रेस नेताओं को राष्ट्रपति भवन जाने से रोके जाने और फिर प्रदर्शन करने पर उन्हें हिरासत में लेने को लोकतंत्र के खिलाफ बताया है। प्रियंका गांधी ने पुलिस हिरासत के दौरान ही हिंदी समाचार चैनल एबीपी न्यूज़ के साथ बातचीत के दौरान सरकार के इस रवैये पर तीखा हमला किया। प्रियंका ने कहा, "लोकतंत्र में अगर एक सांसद को राष्ट्रपति से मिलने की इजाज़त नहीं है तो ये क्या है? क्या ये लोकतंत्र है? मुझे तो नहीं लगता। जब-जब कोई इनके ख़िलाफ़ आवाज़ उठाता है तो उसे गिरफ्तार कर लेते हैं। अगर प्रदर्शन भी नहीं हो सकता तो ये लोकतंत्र कैसे हुआ?
किसानों को विपक्ष, खासतौर पर कांग्रेस की तरफ से बरगलाए जाने के आरोपों का जवाब देते हुए प्रियंका गांधी ने कहा, किसान में बहुत विवेक है, वो सब समझता है कि क्या उसके हित में है। उन्हें कोई बरगला नहीं सकता। उनका अपना संघर्ष है। वरना इतनी ठंड में इतने अत्याचारों के बावजूद वे क्यों बैठे होते।
सरकार के साथ किसानों की बातचीत का कोई नतीजा नहीं निकल पाने के लिए प्रियंका ने मोदी सरकार के रवैये को ही कसूरवार ठहराया। उन्होंने कहा कि बातचीत का नतीजा इसलिए नहीं निकल रहा क्योंकि सरकार किसानों की बात सुनने को तैयार ही नहीं है। अगर सरकार जनता की आवाज़ नहीं सुनेगी, तो वो उनकी समस्याओं का समाधान कैसे निकालेगी।
किसानों को आतंकवादी, खालिस्तानी या दूसरे ऐसे ही नामों से पुकारे जाने पर सख्त एतराज़ जाहिर करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि किसानों के बारे में इस तरह के बयान देने वाले अन्नदाता का निरादर करते हैं, देश की जनता का निरादर करते हैं और वे पाप कर रहे हैं। प्रियंका गांधी ने दोहराया कि किसानों के संघर्ष में कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से उनके साथ है।
मोहन भागवत ने विरोध किया तो उन्हें भी आतंकवादी बोल देंगे: राहुल गांधी

राहुल गांधी ने कहा, प्रधानमंत्री को यह नहीं सोचना चाहिए कि किसान थककर वापस चले जाएंगे। वे नहीं जाएंगे। पीएम मोदी को चाहिए कि वे संसद का संयुक्त सत्र बुलाकर किसान विरोधी कानूनों को वापस लें। राहुल ने कहा कि देश की आवाज़ इन कानूनों के खिलाफ है। इतनी ठंड में किसान आंदोलन कर रहे हैं और जान भी दे रहे हैं। सरकार को समझना चाहिए कि किसानों और मजदूरों के सामने कोई ताकत खड़ी नहीं हो सकती। अगर कानून वापस नहीं हुए तो सिर्फ आरएसएस और बीजेपी को ही नहीं पूरे देश को नुकसान होगा। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मकसद सिर्फ अपने करीबी दो-चार बड़े उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाना है। जो लोग भी उनके खिलाफ खड़े होते हैं उनके खिलाफ गलत बातें की जाती हैं। राहुल गांधी ने यहां तक कह दिया कि कल अगर आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत भी मोदी के खिलाफ खड़े हो गए तो उन्हें भी आतंकवादी बोल देंगे।
प्रियंका गांधी समेत हिरासत में लिए गए सभी कांग्रेस नेता रिहा
अभी-अभी खबर आ रही है कि दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी समेत उन सभी कांग्रेस नेताओं को रिहा कर दिया है, जिन्हें थोड़ी देर पहले हिरासत में लिया गया था। इन नेताओं को राहुल गांधी के नेतृत्व में राष्ट्रपति भवन की तरफ मार्च करने के दौरान हिरासत में लिया गया था। दिल्ली पुलिस ने आज कांग्रेस नेताओं को राष्ट्रपति भवन जाने से रोकने के लिए धारा 144 लगा दी थी। सिर्फ राहुल गांधी, गुलाम नबी आज़ाद और अधीर रंजन चौधरी को ही राष्ट्रपति भवन जाने दिया गया। बाकी सभी नेताओं को हिरासत में लेकर मंदिर मार्ग थाने ले जाया गया था।
राष्ट्रपति भवन पहुंचे राहुल गांधी, 2 करोड़ दस्तख़त वाला ज्ञापन सौंपा

राहुल गांधी के साथ अधीर रंजन चौधरी और गुलाब नबी आजाद राष्ट्रपति भवन पहुंचे। तीनों नेताओं ने राष्ट्रपति से मुलाकात कर 2 करोड़ हस्ताक्षर वाला ज्ञापन सौंपा। इस बीच, दिल्ली पुलिस कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी समेत अन्य कांग्रेस नेताओं को हिरासत में ले लिया है। ये सभी नेता कांग्रेस के एलान के मुताबिक किसान आंदोलन के समर्थन में राष्ट्रपति भवन तक मार्च निकालना चाहते थे।
किसानों के समर्थन में मोदी सरकार पर जमकर बरसे राहुल गांधी, सुनिए क्या-क्या कहा
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कृषि कानूनों के खिलाफ राष्ट्रपति को दो करोड़ दस्तखत वाला ज्ञापन सौंपने के बाद मीडिया से मुखातिब हुए। इसक दौरान उन्होंने किसानों की मांगों को नज़रअंदाज़ करने और उनके बारे में गलतबयानी करने पर पीएम मोदी और उनकी सरकार को जमकर फटकार लगाई।
LIVE: Shri @RahulGandhi addresses the media after meeting with the Hon'ble President of India. https://t.co/dzL7fgICXm
— Congress (@INCIndia) December 24, 2020
दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस नेताओं को राष्ट्रपति भवन जाने से रोककर हिरासत में लिया

दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत कांग्रेस के कई नेताओं को हिरासत में ले लिया है। इन सभी नेताओं को पुलिस एक बस में बिठाकर मंदिर मार्ग थाने ले जा रही है। इससे पहले राष्ट्रपति भवन तक मार्च की इजाजत ना मिलने के कारण 10 जनपथ के बाहर कई कांग्रेसी नेता धरने पर बैठ गए थे।
किसानों की आवाज़ पीएम को सुननी ही होगी: राहुल गांधी
राष्ट्रपति से मुलाकात के बाद राहुल गांधी ने कहा कि हमने कृषि कानूनों के विरोध में दो करोड़ नागरिकों के हस्ताक्षर वाला ज्ञापन सौंपा है। कृषि कानूनों का विरोध देश के किसान कर रहे हैं। उनकी आवाज़ प्रधानमंत्री को सुननी ही होगी। किसानों का कहना है कि ये कानून हमें बर्बाद कर देंगे। लेकिन प्रधानमंत्री मोदी सिर्फ अपने कुछ खास लोगों के फायदे के लिए काम कर रहे हैं। लेकिन ऐसा नहीं चल सकता। उन्होंने कहा कि सरकार के लोगों ने आंदोलन कर रहे किसानों के बारे में गलत बातें कही हैं। यह मोदी सरकार का तरीका बन गया है। उनके खिलाफ जो भी बात करता है उसे आतंकवादी बताने लगते हैं। लेकिन किसानों-मज़दूरों की आवाज़ की हमेशा के लिए अनदेखी नहीं की जा सकती।
अन्नदाता की आवाज़ सुनना सरकार की ज़िम्मेदारी : प्रियंका गांधी
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने हिरासत में लिए जाने के बाद कहा कि अन्नदता की आवाज़ को सुनना सरकार की जिम्मेदारी है। किसानों की मांगों को सुनकर ही उनकी समस्या का समाधान निकाला जा सकता है। हिरासत में लिए जाने के बाद प्रियंका गांधी का वीडियो कांग्रेस ने ट्विटर पर शेयर किया है।
सरकार सिर्फ 5 साल के लिए या 6 साल के लिये नहीं चल सकती, अगर आप विपक्ष को हर चीज के लिए जिम्मेदार ठहराएंगे। अन्नदाता की आवाज को सुनना सरकार की जिम्मेदारी है।
— Congress (@INCIndia) December 24, 2020
किसानों की मांगों को सुन कर ही किसानों की समस्या का हल निकालेगा।#CongressMarchForFarmers pic.twitter.com/KWljun2l4W
किसानों के सम्मान में, राहुल गांधी मैदान में: कांग्रेस

दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अनिल चौधरी ने किसान आंदोलन के समर्थन में राहुल गांधी की अगुवाई में कांग्रेस आंदोलन का वीडियो ट्विटर पर शेयर किया है। अनिल चौधरी ने ट्वीट पर लिखा, किसानों के सम्मान में, राहुल गांधी मैदान में, किसान एकता जिंदाबाद।
किसानों के सम्मान में, राहुल गांधी मैदान में.
— Anil Chaudhary (@Ch_AnilKumarINC) December 24, 2020
किसान एकता जिंदाबाद. pic.twitter.com/F0ICunjMdI
राष्ट्रपति भवन जाने के लिए कांग्रेस मुख्यालय में जुटे कांग्रेस नेता, पुलिस ने की रोकने की तैयारी

दिल्ली पुलिस कांग्रेस नेताओं को कृषि कानूनों के खिलाफ दो करोड़ हस्ताक्षरों के साथ राष्ट्रपति से मिलने से रोकने की कोशिश में हैं, लेकिन इस बीच कांग्रेस मुख्यालय में तमाम नेता जमा हो रहे हैं। कांग्रेस ने ट्वीट करके कहा है कि वे राष्ट्रपति से मिलने के लिए थोड़ी देर में रवाना होंगे। लेकिन दिल्ली पुलिस ने तो इलाके में धारा 144 लगा दी है। तो अब क्या होगा?
क्या राष्ट्रपति से मिलने की कोशिश करने पर कांग्रेस नेताओं को दिल्ली पुलिस गिरफ्तार करेगी?
क्या राहुल गांधी भी गिरफ्तार होंगे?
या फिर जैसा कि दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने थोड़ी देर पहले कहा था कि सिर्फ तीन नेताओं को राष्ट्रपति से मिलने के लिए जाने दिया जाएगा?
क्या पुलिस की शर्त राहुल गांधी मानेंगे?
इन तमाम सवालों के जवाब थोड़ी देर में मिलने की उम्मीद है। हम आपको पूरे घटनाक्रम का ताज़ा हाल यहीं पर बताते रहेंगे।
Congress delegation led by Shri @RahulGandhi, Leaders of the Party in Lok Sabha & Rajya Sabha, Senior Party members & MPs assemble to meet the Hon’ble President of India at Rashtrapati Bhawan shortly. pic.twitter.com/zvfbkmDvxl
— Congress (@INCIndia) December 24, 2020
राहुल गांधी को मार्च की इजाजत नहीं, कांग्रेस दफ्तर के बाहर खड़ी बसें हटाई गईं
दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी की अगुवाई में कृषि कानूनों के खिलाफ राष्ट्रपति भवन तक होने वाले मार्च को रोकने के लिए पूरे नई दिल्ली इलाके में धारा 144 लागू कर दी है।विजय चौक पर बड़ी संख्या में पुलिस तैनात है। दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस दफ्तर के बाहर बैरिकेडिंग लगाकर और बसों को हटाकर साफ कर दिया है कि नेताओं को राष्ट्रपति भवन तक जाने नहीं दिया जाएगा। राष्ट्रपति भवन के पास भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
अन्नदाताओं का अपमान कर रहे मोदी के मंत्री : कांग्रेस
कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने आरोप लगाया है कि केंद्र सरकार ने पहले कृषि विरोधी कानून बनाकर किसानों को दर्द दिया और अब उसके मंत्री अन्नदाताओं का अपमान कर रहे हैं। उन्होंने कहा, कृषि विरोधी कानूनों के खिलाफ किसानों के आंदोलन को और मजबूत करने के लिए कांग्रेस ने इन कानूनों के खिलाफ देश भर में हस्ताक्षर अभियान शुरू किया था। इन कानूनों को वापस लेने की मांग के पक्ष में कांग्रेस ने करीब दो करोड़ लोगों के हस्ताक्षर जमा किए हैं। कांग्रेस नेता ने कहा कि भीषण सर्दी के बीच किसान 28 दिनों से प्रदर्शन कर रहे हैं, अब तक 44 किसानों की जान जा चुकी है, लेकिन मोदी की अहंकारी सरकार के मंत्री बार-बार किसानों का अपमान कर रहे हैं।
राहुल गांधी से इतना डरती क्यों है सरकार: कांग्रेस
कांग्रेस मुख्यालय के पास धारा 144 लगाने को लेकर दिल्ली कांग्रेस के अध्यक्ष अनिल चौधरी ने मोदी सरकार पर निशाना साधा है। चौधरी ने ट्वीट कर कहा, 'राहुल गांधी से नरेंद्र मोदी सरकार इतनी डरती क्यों है? किसानों की आवाज सुनने में इनको इतनी घबराहट क्यों होती है?'
राहुल गांधी से नरेंद्र मोदी सरकार इतनी डरती क्यों है? किसानों की आवाज सुनने में इनको इतनी घबराहट क्यों होती है? https://t.co/XuqagqYfa9
— Anil Chaudhary (@Ch_AnilKumarINC) December 24, 2020
सबको देना होगा अन्नदाता का साथ : राहुल गांधी
राहुल गांधी ने गुरुवार सुबह कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों को समर्थन देने का बात कही। उन्होंने कहा, 'भारत के किसान त्रासदी से बचने के लिए कृषि-विरोधी क़ानूनों के ख़िलाफ़ आंदोलन कर रहे हैं। इस सत्याग्रह में हम सबको देश के अन्नदाता का साथ देना होगा।'
राष्ट्रपति भवन जाने का कांग्रेस का एलान, पुलिस ने लगाई धारा 144

राष्ट्रपति भवन जाने के लिए राहुल गांधी कांग्रेस मुख्यालय पहुंच चुके हैं। राहुल के साथ कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी मौजूद हैं। राहुल समेत तमाम नेता बस से विजय चौक तक जाएंगे और वहां से मार्च करते हुए राष्ट्रपति भवन जाएंगे। पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं सांसद आज राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को दो करोड़ हस्ताक्षरों के साथ ज्ञापन सौंपेंगे जिसमें केंद्रीय कृषि कानूनों को निरस्त करने का आग्रह किया जाएगा। हालांकि दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस मुख्यालय के आसपास धारा 144 लगाकर उन्हें जाने से रोकने की तैयारी कर ली है।