MP कांग्रेस के पुनर्गठन की जमीन पर शुरुआत, डोर-टू-डोर संपर्क में उतरे दिग्विजय सिंह

इच्छावर तहसील के खेरी गांव में रात्रि प्रवास के बाद घर-घर पहुंचे दिग्विजय सिंह, ग्रामीणों की समस्याएं सुनी, मनरेगा श्रमिकों से भी की बात

Updated: Jan 05, 2026, 10:42 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर पुनर्गठित करने की कवायद तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री व राज्यसभा सांसद दिग्विजय दो दिवसीय सीहोर जिले के दौरे पर हैं। यहां इच्छावर विधानसभा अंतर्गत खेरी गांव में रात्रि विश्राम के बाद सोमवार सुबह दिग्विजय सिंह ने घर-घर जाकर ग्रामीणों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने ग्रामवासियों की समस्याएं सुनीं। साथ ही मनरेगा मजदूरों से मिलकर उन्हें अधिनियम में किए गए बदलावों की जानकारी दी।

दिग्विजय सिंह सुबह गांव की गलियों में पैदल घूमते नजर आए। उन्होंने अलग-अलग घरों में जाकर ग्रामीणों से बातचीत की और उनकी रोजमर्रा की दिक्कतों के बारे में जानकारी ली। पानी, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार से जुड़े मुद्दे ग्रामीणों ने उनके सामने रखे। ग्रामीणों ने बताया कि कई इलाकों में बारिश के दौरान कीचड़ और जलभराव की समस्या बनी रहती है। स्कूलों में शिक्षकों की नियमित उपस्थिति से लेकर स्वास्थ्य सुविधाओं और राशन व्यवस्था से जुड़ी समस्याएं भी ग्रामीणों ने साझा की।

दिग्विजय सिंह ने ग्रामीणों को बताया कि पहले मनरेगा से जुड़े कई फैसले ग्राम पंचायत स्तर पर होते थे, लेकिन अब अधिकांश निर्णय सीधे केंद्र सरकार स्तर से किए जाएंगे। उन्होंने ग्रामवासियों को यह भी समझाया कि किस तरह पूरी प्रक्रिया को डिजिटल किया जा रहा है और इसका असर श्रमिकों के पंजीयन, काम आवंटन और भुगतान पर पड़ रहा है। 

उल्लेखनीय है कि एक दिन पहले खेरी गांव में ग्राम चौपाल के माध्यम से ग्राम पंचायत कांग्रेस कमेटी का गठन किया गया था। इस दौरान दिग्विजय सिंह ने ग्रामीणों से कहा कि आप सब में से अध्यक्ष कौन होगा, यह आपसी सहमति से तय कीजिए। इसके बाद ग्रामीणों ने आपस में चर्चा कर ग्राम पंचायत कमेटी के पदाधिकारियों के नाम तय किए।

चौपाल के उपरांत दिग्विजय सिंह ने गांव में ही रात्रि विश्राम किया और फिर सुबह घर-घर जाकर लोगों से संवाद करते दिखे। सिंह का यह डोर-टू-डोर संपर्क कांग्रेस पार्टी की जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है।