UP के बागपत में बड़ा हादसा, जैन धर्म के महोत्सव में मंच गिरा, 7 लोगों की मौत और 80 से अधिक घायल

हादसे में 7 श्रद्धालुओं की मौत हो गई है। 80 से अधिक घायल हुए हैं। गंभीर घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती किया गया है।

Updated: Jan 28, 2025, 02:49 PM IST

बागपत। उत्तर प्रदेश के बागपत में मंगलवार को बड़ा हादसा हुआ है। यहां जैन समुदाय के निर्वाण महोत्सव के दौरान हादसा हो गया। यहां 65 फीट ऊंचे मंच की सीढ़ियां टूट गईं। इससे कई श्रद्धालु एक दूसरे पर गिरते चले गए। इसके बाद भगदड़ मच गई।

बताया जा रहा है कि हादसे में 7 श्रद्धालुओं की मौत हो गई है। जबकि 80 से अधिक घायल हुए हैं। गंभीर घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती किया गया है। स्थानीय लोग खून से लथपथ श्रद्धालुओं को ठेले से अस्पताल पहुंचा रहे हैं।

हादसा बागपत शहर से 20 किलोमीटर दूर बड़ौत तहसील में सुबह 7 से 8 बजे के बीच हुआ। जैन धर्म के इस महोत्सव में आदिनाथ भगवान को प्रसाद चढ़ाने का कार्यक्रम चल रहा था। 65 फीट ऊंचा लकड़ी का मंच बनाया था। उस पर भगवान की 4-5 फीट ऊंची प्रतिमा रखी थी।

श्रद्धालु भगवान तक पहुंचने के लिए मचाननुमा सीढ़ियों से ऊपर चढ़ रहे थे। वजन बढ़ने से पूरा मचान नीचे गिर गया। कमेटी के संरक्षक प्रमोद जैन ने बताया, ये 26वां निर्वाण महोत्सव था। 65 फिट ऊंचे खंभे पर भगवान आदिनाथ की मूर्ति रखी गई थी। यहां पर हर साल लड्डू निर्माण महोत्सव होता है। खंभे पर चढ़ने के लिए बांस और बल्ली की सीढ़ियां बनाई जाती हैं। आज एक बल्ली खिसक गई, जिससे यह हादसा हो गया। उस समय सीढ़ी पर करीब 50 लोग थे, जो लोग घायल हो गए। उसके बाद कार्यक्रम में भगदड़ मच गई। सीढ़ी से गिरने से लोगों की मौत हुई है।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने हादसे का संज्ञान लिया है। अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचने और राहत कार्य में तेजी लाने को कहा है। सीएम ने घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की।