PM Modi Oath Ceremony LIVE: नरेंद्र मोदी ने तीसरी बार ली प्रधानमंत्री पद की शपथ
नरेंद्र मोदी ने रविवार शाम 7.24 बजे तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली। कार्यक्रम राष्ट्रपति भवन में शाम 7:15 बजे शुरू हुआ जिसमें 7 देशों के लीडर्स के अलावा देश के फिल्म स्टार भी इस समारोह में पहुंचे।
मोदी की अगुआई में लगातार तीसरी बार NDA की सरकार बनी है। रविवार शाम को मोदी ने बतौर प्रधानमंत्री पद की शपथ ली। उनके साथ कई मंत्री भी पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। मोदी 3.0 में कई नई चेहरों को भी जगह दी गई है। इसके साथ ही पुराने चेहरों को भी नई कैबिनेट में जगह दी गई है। कई विदेशी राष्ट्राध्यक्ष और मेहमान भी मोदी 3.0 के शपथ ग्रहण समारोह के गवाह बने।
अनुप्रिया पटेल ने ली शपथ
अपना दल की नेता व मिर्जापुर से सांसद अनुप्रिया पटेल ने भी राज्यमंत्री पद की शपथ ली है।
नित्यानंद राय ने ली शपथ
बिहार के उजियारपुर से भाजपा सांसद नित्यानंद राय ने भी राज्य मंत्री पद की शपथ ली है। वे लगातार तीसरी बार सांसद बने हैं। वे पिछली सरकार में गृह राज्यमंत्री रहे हैं।
रामनाथ ठाकुर ने ली शपथ
सामाजिक न्याय के अगुवा कर्पूरी ठाकुर के बेटे व JDU के राज्यसभा सांसद रामनाथ ठाकुर ने भी राज्य मंत्रिपद की शपथ ली है।
रामदास आठवले ने ली शपथ
महाराष्ट्र से राज्यसभा सांसद व RPI नेता रामदास आठवले ने भी मंत्रिपद की शपथ ली है।
कृष्णपाल गुर्जर ने ली शपथ
हरियाणा के फरीदाबाद से भाजपा सांसद कृष्णपाल गुर्जर ने भी राज्यमंत्री पद की शपथ ली है। वे लगातार तीसरी बार सांसद बने हैं और पिछली सरकार में भी मंत्री थे। हरियाणा भाजपा के अध्यक्ष भी रह चुके हैं।
पंकज चौधरी ने ली शपथ
उत्तर प्रदेश के महाराजगंज से भाजपा सांसद पंकज चौधरी ने भी राज्यमंत्री पद की शपथ ली है। वह पूर्वांचल के भाजपा के कद्दावर कुर्मी नेता माने जाते हैं। वह सातवीं बार लोकसभा सांसद बने हैं।
श्रीपद यशो नाईक ने ली शपथ
नॉर्थ गोवा से सांसद श्रीपद यशो नाईक ने भी राज्यमंत्री पद की शपथ ली है। वे मोदी सरकार में दोनों बार मंत्री रह चुके हैं। अटल बिहारी वाजपेई की सरकार में भी मंत्री रह चुके हैं। 1999 से लगातार 6 बार से सांसद बन रहे हैं।
जितिन प्रसाद ने ली शपथ
पीलीभीत से भाजपा सांसद जितिन प्रसाद ने भी राज्यमंत्री पद की शपथ ली है। वह कांग्रेस से पाला बदलकर भाजपा में शामिल हुए हैं। वरुण गांधी का टिकट काटकर भाजपा ने इसबार इन्हें पीलीभीत से मैदान में उतारा है।
जयंत चौधरी ली शपथ
देश के पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के पोते जयंत चौधरी ने भी राज्य मंत्री पद की शपथ ली है। वह RLD के अध्यक्ष हैं और पहली बार मंत्री बन रहे हैं। आखिरी वक्त पर उन्होंने इंडिया गठबंधन छोड़ा और NDA में शामिल हुए। उनकी पार्टी दो सीटें जीतने में कामयाब हुई है।
प्रताप राव जाधव ने ली शपथ
शिवसेना में टूट के बाद शिंदे गुट में शामिल हुए महाराष्ट्र के बुलढाना से सांसद प्रताप राव गणपत राव जाधव ने भी राज्यमंत्री पद की शपथ ली है।
अर्जुन राम मेघवाल ने ली शपथ
राजस्थान के बीकानेर से अर्जुन राम मेघवाल ने राज्यमंत्रि पद की शपथ ली है। वह लोकसभा में भाजपा के चीफ व्हिप भी रह चुके हैं। वह 2009 से लगातार चार बार के सांसद हैं। वे IAS अधिकारी रह चुके हैं और VRS लेकर राजनीति में आए हैं।
जितेंद्र सिंह ने ली शपथ
उधमपुर से भाजपा सांसद डॉ जितेंद्र सिंह ने भी राज्यमंत्री की शपथ ली है। 2014 से लगातार तीसरी बार वह सांसद बने हैं। वह PMO में मंत्री रह चुके हैं।
राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार का शपथ शुरू
गुडगांव लोकसभा सीट से सांसद राव इंद्रजीत सिंह ने राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार की शपथ ली है। उन्होंने कांग्रेस के राज बब्बर को चुनाव हराया है। वह छठी बार सांसद चुनकर आए हैं और यादव समाज से आते हैं। साथ ही पिछली सरकार में मंत्री रह चुके हैं।
सी आर पाटिल ने ली शपथ
गुजरात के नवसारी से भाजपा सांसद सी आर पाटिल ने भी मंत्रिपद की शपथ ली है। वह गुजरात भाजपा के अध्यक्ष हैं और चौथी पर सांसद बने हैं।
चिराग पासवान ने ली शपथ
LJP (रामविलास) के नेता चिराग पासवान ने भी मंत्रिपद की शपथ ली है। बिहार में इस बार उनकी पार्टी के पांच सांसद चुनाव जीते हैं। वह हाजीपुर से सांसद चुने गए हैं। पिता के निधन के बाद उनके चाचा ने पार्टी पर कब्जा कर लिया था। हालांकि, चिराग ने नई पार्टी बनाकर शानदार कमबैक किया है।
जी किशन रेड्डी ने ली शपथ
तेलंगाना के सिकंदराबाद से सांसद जी किशन रेड्डी ने भी शपथ ग्रहण की। वह दूसरी बार लोकसभा चुनाव जीते हैं और पूर्ववर्ती सरकार में भी मंत्री रह चुके हैं।
मनसुख मंडाविया ने ली शपथ
गुजरात के पोरबंदर से पहली बार लोकसभा सांसद बने मनसुख मंडाविया ने भी मंत्रिपद की शपथ ली है। वह पिछली सरकार में स्वास्थ्य मंत्री थे। वह 2012 से अबतक राज्यसभा सदस्य हैं।
हरदीप पूरी ने ली शपथ
उत्तर प्रदेश से भाजपा के राज्यसभा सांसद हरदीप सिंह पूरी ने भी मंत्रिपद की शपथ ली है। वह मोदी कैबिनेट में दोनों बार शहरी विकास मंत्री रह चुके हैं। पूरी दो बार राज्यसभा सांसद रहे हैं। वे संयुक्त राष्ट्र में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
किरेन रिजिजू ने ली शपथ
अरुणाचल वेस्ट से कैबिनेट मंत्री किरेन रिजिजू ने भी मंत्रिपद की शपथ ली। वह चौथी बार सांसद बने हैं। इसके पहले वह खेल मंत्रालय और कानून मंत्रालय संभाल चुके हैं।
अन्नपूर्णा देवी ने ली शपथ
झारखंड के कोडरमा से भाजपा सांसद अन्नपूर्णा देवी ने भी पद और गोपनीयता की शपथ ली है। वह भी दूसरी बार मंत्री बन रही हैं। वह झारखंड सरकार में भी मंत्री रह चुकी हैं।
गजेंद्र शेखावत ने ली शपथ
राजस्थान के जोधपुर से तीसरी बार सांसद बने गजेंद्र सिंह शेखावत ने भी मंत्री पद की शपथ ली है। वह पिछली सरकार में जल शक्ति मंत्री थे और "हर घर नल का जल" योजना में उनकी अहम भूमिका मानी जाती है।
भूपेंद्र यादव ने ली शपथ
राजस्थान के अलवर से सांसद भूपेंद्र यादव ने भी मंत्रिपद की शपथ ली है। वह पिछली सरकार ने भी मंत्री थे और कई राज्यों में प्रभारी रहते पार्टी की जीत सुनिश्चित कर चुके हैं।
ज्योतिरादित्य सिंघिया ने शपथ ली

मध्य प्रदेश के गुना से सांसद बनकर आए ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी मंत्रिपद की शपथ ली। पिछली बार वह कांग्रेस ने रहते गुना से चुनाव हार गए थे। हालांकि, बाद में पाला बदलकर भाजपा में शामिल हो गए। केंद्र में उन्हें नागरिक उड्डयन मंत्री बनाया गया था।
अश्विनी वैष्णव ने ली शपथ
ओडिशा से बीजेपी के राज्यसभा सांसद अश्विनी वैष्णव ने भी मंत्रिपद की शपथ ली है। पिछली सरकार में वह रेल मंत्री रह चुके हैं। वे ओडिशा कैडर के IAS अधिकारी हैं और अटल बिहारी वाजपेई के निज सचिव भी रह चुके हैं।
गिरिराज सिंह ने ली शपथ
बिहार के बेगूसराय से सांसद बने गिरिराज सिंह ने भी मंत्रिपद की शपथ ली है। वे पिछली सरकार में भी मंत्री रह चुके हैं और भूमिहार समाज के बड़े नेता हैं।
जुएल ओरांव ने ली शपथ
ओडिशा के आदिवासी समाज के बड़े नेता जुएल ओरांव ने भी मंत्री पद की शपथ ली है। वह सुंदरगढ़ से सांसद चुनकर आए हैं।
प्रह्लाद जोशी ने ली शपथ
कर्नाटक के भाजपा नेता प्रह्लाद जोशी ने भी मंत्रिपद की शपथ ली है। वह धारवाड़ से सांसद चुनकर आए हैं और पिछली सरकार में संसदीय कार्य मंत्री रह चुके हैं।
राममोहन नायडू ने ली शपथ
राम मोहन नायडू ने भी मंत्री पद की शपथ ली है। वे तीसरी बार सांसद बने हैं और 36 साल की उम्र में मंत्री बन रहे हैं। वे टीडीपी के महासचिव भी हैं। 2012 में पिता की निधन के बाद वे सक्रिय राजनीति में आए हैं।
डॉ वीरेंद्र कुमार ने ली शपथ
मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ से सांसद डॉ वीरेंद्र कुमार ने भी मंत्रिपद की शपथ ली है। वह पिछली सरकार में सामाजिक न्याय मंत्री रह चुके हैं। 2019 में सांसदों को शपथ दिलाने के लिए उन्हें प्रोटेम स्पीकर भी बनाया गया था।
सर्वानंद सोनवाल ने ली शपथ
असम के पूर्व मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनवाल ने मंत्रिपद की शपथ ली है। वे डिब्रूगढ़ से सांसद बनकर आए हैं। पिछली सरकार में भी वह मंत्री थे।
JDU के ललन सिंह ने ली शपथ
JDU के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने भी मंत्रिपद की शपथ ली है। वह बिहार के मुंगेर से सांसद चुनकर आए हैं। केंद्र सरकार में वह पहली बार मंत्री बन रहे हैं। वे भूमिहार समाज के बड़े नेता हैं।
जीतनराम मांझी ने ली शपथ
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री व हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के संरक्षक जीतन राम मांझी ने भी मंत्रिपद की शपथ ली है। वे बिहार के गया से सांसद बने हैं। वे महादलित समाज के दलित नेता हैं और पांच अलग अलग सीट से 8 बार विधायक बने हैं। उनकी पार्टी एक ही सीट जीतकर आई है।
धर्मेंद्र प्रधान ने ली शपथ
ओडिशा से भाजपा के नेता व राज्य में शानदार जीत के शिल्पकार माने जा रहे धर्मेंद्र प्रधान ने भी मंत्री पद की शपथ ली है। वह पिछली सरकार में शिक्षा मंत्री और उसके पहले पेट्रोलियम मंत्री रह चुके हैं।
पीयूष गोयल ने ली शपथ
भाजपा नेता पीयूष गोयल ने भी मंत्री पद की शपथ ली है। वे इस बार मुंबई उत्तर से चुनाव जीतकर आए हैं। पिछली सरकार में वह वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री रह चुके हैं। उनके पिता वेदप्रकाश गोयल अटल सरकार में मंत्री रह चुके हैं।
एच डी कुमारस्वामी ने ली शपथ
जेडीएस नेता व कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एच डी कुमारस्वामी ने भी पद और गोपनीयता की शपथ ली है। वे गठबंधन के दलों से शपथ लेने वाले पहले व्यक्ति हैं। वे दो बार कर्नाटक के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। राज्य के सवर्ण वोकालिगा समाज से आते हैं।
मनोहर लाल खट्टर ने ली शपथ
हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने भी कैबिनेट मंत्रिपद की शपथ ली है। वे हरियाणा के करनाल सीट से सांसद चुने गए हैं। लगभग 9 साल मुख्यमंत्री रहने के बाद लोकसभा चुनाव से पहले उन्हें पद से हटाया गया था।
निर्मला सीतारमण और जयशंकर ने ली शपथ
निवर्तमान सरकार ने वित्त मंत्री रहीं निर्मला सीतारमन और विदेश मंत्री रहे एस जयशंकर ने भी पद और गोपनीयता की शपथ ली।
शिवराज सिंह चौहान ने ली शपथ

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व विदिशा से सांसद शिवराज सिंह चौहान ने मंत्री पद की शपथ ली है। वे छठे नंबर पर शपथ लेने पहुंचे। उनके नाम सबसे लंबे समय तक मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री रहने का रिकॉर्ड है। वह 8 लाख से अधिक वोट से जीतकर संसद पहुंचे हैं। शिवराज के बाद निर्मला सीतारमन ने शपथ ली।
राजनाथ, शाह और गडकरी ने ली शपथ
नरेंद्र मोदी के बाद दूसरे नंबर पर राजनाथ सिंह शपथ लेने पहुंचे। इसके बाद तीसरे नम्बर पर अमित शाह, चौथे नंबर पर नितिन गडकरी और पांचवें नंबर पर जेपी नड्डा शपथ लेने पहुंचे। नड्डा के शपथग्रहण के बाद अब कयास लगाए जा रहे हैं कि पार्टी अध्यक्ष बदले जा सकते हैं।
नरेंद्र मोदी ने ली शपथ
मैं नरेंद्र दामोदर दास मोदी..." मनोनीत पीएम नरेंद्र मोदी ने तीसरी बार प्रधानमंत्री के पद की शपथ ली। राष्ट्रपति भवन में भव्य समारोह में विशेष अतिथियों के सामने नरेंद्र मोदी ने पद और गोपनीयती की शपथ ली।
राष्ट्रपति भवन पहुंचे नरेंद्र मोदी
नरेंद्र मोदी राष्ट्रपति भवन पहुंच चुके हैं। कुछ ही क्षणों में मोदी 3.0 का शपथ ग्रहण कार्यक्रम शुरू हो जाएगा। मोदी लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री की शपथ लेंगे।
कठिन है डगर पनघट की: शत्रुघ्न सिन्हा
आसनसोल से लोकसभा चुनाव जीतने वाले TMC नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री शत्रुघ्न सिन्हा ने मोदी 3.0 के शपथ ग्रहण समारोह पर टिप्पणी की है। उन्होंने कहा, ‘बधाई देता हूं। वह कोई दुश्मन थोड़े हैं। बस विरोधी हैं। जब तक फुल प्रेशर को झेल पाए तब तक सरकार चलेगी। बहुत कठिन है डगर पनघट की। अभी तो सफर शुरू हुआ है।'
शपथ ग्रहण से पहले मंदिर पहुंचे शिवराज
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और नवनिर्वाचित सांसद शिवराज सिंह चौहान शपथ ग्रहण से पहले परिवार के साथ दिल्ली के लुटियंस जोन में स्थित भगवान शंकर और हनुमान मंदिर पहुंचे और पूजा अर्चना की।
हमें कैबिनेट मंत्रालय चाहिए- अजित पवार
महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम और एनसीपी प्रमुख अजित पवार ने कहा, ''प्रफुल्ल पटेल ने केंद्र सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में काम किया है और हमें स्वतंत्र प्रभार के साथ राज्य मंत्री लेना सही नहीं लगा। इसलिए हमने बीजेपी से कहा कि हम इसके लिए तैयार नहीं हैं। कुछ दिन इंतजार करेंगे, लेकिन हमें कैबिनेट मंत्रालय चाहिए।