बारिश ने हिमाचल में मचाया हाहाकार, शिमला में भूस्खलन की चपेट में आकर तीन की मौत, रेड अलर्ट जारी
हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में बारिश ने काफी तबाही मचाई है। बीते 20 घंटों से हो रही बरसात के चलते जिले में भूस्खलन हुआ जिसमें पिता-पुत्री समेत तीन लोगों की जान चली गई। मौसम विज्ञान केंद्र ने इलाके में अगले 24 घंटों के लिए रेड अर्लट जारी कर दिया है।

शिमला। हिमाचल प्रदेश के शिमला में बारिश का कहर लगातार जारी है। भारी बरसात के चलते सोमवार तड़के इलाके के कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ जिसकी वजह से जुन्गा और कोटखाई उपमंडलों में दो अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, पहली घटना जुन्गा उपमंडल के उप मोहल जोड़ गांव में घटी जहां 35 वर्षीय वीरेंद्र कुमार का घर भूस्खलन की चपेट में आ गया। इस दर्दनाक हादसे में वीरेंद्र कुमार समेत उनकी 10 साल की बेटी छुटकी की भी मौत हो गई साथ ही कई मवेशियों की भी जान चली गई।
वहीं, दूसरी घटना जिले के कोटखाई उपमंडलल स्थित चोल गांव की है। यहां सोमवार सुबह भूस्खलन की चपेट में आकर एक मकान ढह गया। इस दुर्घटना में 62 वर्षीय कलावती देवी की मलबे में दबकर मौत हो गई। हालांकि, ग्रामीणों ने कलावती देवी को बचाने का हरसंभव प्रयास किया था लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।
मौसम विभाग के अधिकारीयों ने क्षेत्र में भारी बरसात के चलते भूस्खलन और अन्य खतरों को मद्देनजर रखते हुए अगले दो दिनों के लिए रेड अलर्ट जारी कर दी है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, मंगलवार 2 सितंबर तक राज्य के कई इलाकों भारी बारिश होने की संभावना है। इनमें ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला शामिल हैं। साथ ही विभाग ने अगले 24 घंटों में तापमान में 3-6 डीग्री की गिरावट आने की संभावना भी जताई है।