क्रिकेटर रिंकू सिंह के पिता का 60 वर्ष की आयु में निधन, लंबे समय से लिवर कैंसर से जूझ रहे थे
टी20 वर्ल्ड कप दौरान क्रिकेटर रिंकू सिंह के पिता खानचंद सिंह का शुक्रवार सुबह लिवर कैंसर की वजह से ग्रेटर नोएडा में देहांत हो गया। रिंकू टीम छोड़ अंतिम संस्कार हेतु अलीगढ़ रवाना हो गए।
नोएडा। भारतीय क्रिकेट टीम के बल्लेबाज रिंकू सिंह पर टी20 विश्व कप 2026 के बीच दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके पिता खानचंद सिंह का शुक्रवार सुबह 4:36 बजे ग्रेटर नोएडा के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वे 60 वर्ष के थे और स्टेज 4 लिवर कैंसर से जूझ रहे थे। हालत गंभीर होने के बाद उन्हें अलीगढ़ से ग्रेटर नोएडा के यथार्थ अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया और लगातार रीनल रिप्लेसमेंट थेरेपी दी जा रही थी। तमाम कोशिशों के बावजूद डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। उनका पार्थिव शरीर अलीगढ़ लाया गया है। जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। रिंकू सिंह अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए चेन्नई से रवाना हो चुके हैं।
बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया ने न्यूज एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में रिंकू और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने बताया कि रिंकू सुबह 5 बजे चेन्नई से दिल्ली के लिए रवाना हुए थे ताकि ग्रेटर नोएडा पहुंचकर पिता के इलाज के दौरान साथ रह सकें। सैकिया ने यह भी स्पष्ट किया कि रिंकू रविवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ कोलकाता में होने वाले सुपर-8 मुकाबले के लिए टीम के साथ नहीं जाएंगे। बीसीसीआई ने उनकी आगे की उपलब्धता को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है।
यह भी पढ़ें:होली से पहले MP में थम जाएंगे बसों के पहिए, 2 मार्च को प्रदेशभर में निजी बस संचालकों का हड़ताल
टी20 विश्व कप के अहम चरण के बीच यह घटना हुई है। भारतीय टीम अब सेमीफाइनल की दौड़ में है और कोलकाता में वेस्टइंडीज से उसका अगला मुकाबला होना है जिसे वर्चुअल क्वार्टर फाइनल माना जा रहा है। इससे पहले चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच से पहले रिंकू को पिता की बिगड़ती हालत की सूचना मिली थी और वे टीम का साथ छोड़कर नोएडा पहुंचे थे। हालांकि, 25 फरवरी को वे दोबारा चेन्नई लौट आए और टीम से जुड़ गए। 26 फरवरी को जिम्बाब्वे के खिलाफ सुपर-8 मैच में वे प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं थे लेकिन दूसरी पारी में सूर्यकुमार यादव की जगह सब्स्टीट्यूट फील्डर के तौर पर मैदान पर उतरे थे। शुरुआती पांच मैचों में उन्हें मौका मिला था मगर वे अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाए थे। उस मुकाबले में टीम संयोजन बदलते हुए संजू सैमसन को ओपनर के रूप में मौका दिया गया था।
यह भी पढ़ें:इंदौर में अमोनिया गैस लीक, सिलेंडर काटते समय हुआ हादसा, पांच लोग अस्पताल में भर्ती
रिंकू के पिता पिछले करीब डेढ़ साल से इस गंभीर बीमारी से लड़ रहे थे। सुपर-8 के पहले मैच में दक्षिण अफ्रीका से मिली हार के बाद उनकी तबीयत और बिगड़ गई थी। उन्हें तुरंत ग्रेटर नोएडा के यथार्थ अस्पताल में भर्ती कराया गया। बीमारी अंतिम चरण में पहुंच चुकी थी। इसी दौरान परिवार के साथ रिंकू की मंगेतर और मछलीशहर से समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज भी मौजूद रही थी। प्रिया के पिता तूफानी सरोज ने फोन पर बताया कि वे रात में अस्पताल गए थे और लौटते समय ही निधन की सूचना मिली।




