राणा सांगा पर टिप्पणी को लेकर आगरा में बवाल, करणी सैनिकों ने तोड़े बैरिकेडिंग, कई पुलिसकर्मी घायल

1000 से ज्यादा कार्यकर्ता बुलडोजर लेकर सांसद रामजी लाल सुमन के आवास पर पहुंचे। वहां जमकर तोड़फोड़ और पथराव किया। झड़प में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।

Updated: Mar 27, 2025, 02:43 PM IST

आगरा। राज्यसभा में सपा सांसद रामजी लाल सुमन द्वारा राणा सांगा को गद्दार कहने पर करणी सेना देशभर में प्रदर्शन कर रही है। बुधवार को आगरा में करणी सैनिकों ने जमकर बवाल काटा। करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने सांसद रामजी लाल सुमन के आगरा स्थित आवास पर हमला कर दिया।

बताया जा रहा है कि बुधवार दोपहर 1000 से ज्यादा करणी सेना के कार्यकर्ता बुलडोजर लेकर सांसद के आवास पर पहुंचे। वहां उन्होंने जमकर तोड़फोड़ और पथराव किया। झड़प में कई पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने सांसद के घर के बाहर रखी 40 से 50 कुर्सियां तोड़ डालीं। मेन गेट तोड़कर घर के अंदर घुसने की भी कोशिश की। 

यह भी पढ़ें: बड़ी संख्या में पेड़ों को काटना इंसानों की हत्या से भी बदतर, सुप्रीम कोर्ट की तल्ख टिप्पणी

कार्यकर्ताओं ने सांसद के घर के बाहर खड़ी 10 से ज्यादा गाड़ियों में तोड़फोड़ की। हैरानी की बात ये है कि घटनास्थल से 1 किमी दूरी पर सीएम योगी का कार्यक्रम चल रहा था। बावजूद वहां स्थिति तनावपूर्ण हुई और प्रशासनिक अमले की कमी के कारण करणी सैनिकों ने उत्पात मचाया।

रिपोर्ट्स के मुताबिक करणी सेना के कार्यकर्ताओं के हंगामे को रोकने के लिए सपा कार्यकर्ता भी सांसद के घर पहुंच गए। उनकी करणी सेना के कार्यकर्ताओं से झड़प हुई। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने लाठीचार्ज शुरू कर दिया। हालांकि फिर भी हालात संभाल नहीं पाए। कई थानों की फोर्स पहुंची, तब जाकर पुलिस कार्यकर्ताओं को खदेड़ पाई।

करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ दी। कार्यकर्ता जयश्री राम का नारा लगा रहे थे। पुलिस ने कार्यकर्ताओं को रास्ते में रोकने की कोशिश की, लेकिन वे एक्सप्रेस-वे से शहर के अंदर घुस गए। इधर, सुरक्षा को देखते हुए सपा सांसद की सोसाइटी के दोनों गेट बंद करा दिए गए। पुलिस ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि कोई भी घर से बाहर नहीं निकलेगा।

समाजवादी पार्टी सांसद डिंपल यादव ने सपा सांसद रामजी लाल सुमन के आवास के बाहर तोड़फोड़ और पथराव की घटना की निंदा की है। उन्होंने कहा कि अगर हम उत्तर प्रदेश की स्थिति देखें, जहां सड़कों पर बम फट रहे हैं, जहां महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। यह सरकार की जिम्मेदारी है। अगर ऐसी घटनाएं हो रही हैं तो यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। आप युवा पीढ़ी को क्या संदेश देना चाहते हैं? सरकार को इसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए कहीं न कहीं यह सरकार द्वारा करवाया गया कृत्य है।