सैफ अली खान पर हमला करने वाला ठाणे से गिरफ्तार, पुलिस को हमलावर के बांग्लादेशी होने का संदेह
मुंबई पुलिस ने बताया कि आरोपी चोरी करने के इरादे से एक्टर के घर में घुसा था। उसके बाद भारत का कोई वैध दस्तावेज नहीं है। उसके पास से जो चीजें मिली हैं, उसके आधार पर बांग्लादेशी होने का शक है।

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान पर हमला करने वाले मुख्य आरोपी को मुंबई पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी शनिवार देर रात ठाणे से गिरफ्तार हुआ। रविवार सुबह मुंबई पुलिस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी जानकारी दी। इसमें बताया गया कि आरोपी चोरी करने के इरादे से एक्टर के घर में घुसा था। उसके पास भारत का कोई वैध दस्तावेज नहीं है। उसके पास से जो चीजें मिली हैं, उसके आधार पर पुलिस को उसके बांग्लादेशी होने का शक है।
मुंबई पुलिस ने ये बताया कि उसका असली नाम मोहम्मद शरीफुल इस्लाम शहजाद है, जिसकी उम्र 30 साल है। भारत में अवैध रूप से आने के बाद उसने अपना नाम विजय दास रख लिया था। वह पहली बार सैफ के अपार्टमेंट में घुसा था। वह 5-6 महीने पहले मुंबई आया था। यहां वह हाउसकीपिंग एजेंसी में काम करता है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा, जहां उसकी कस्टडी मांगी जाएगी। बता दें कि सैफ पर हमला मामले में लगातार नए ट्विस्ट आ रहे हैं। इससे पहले पुलिस ने शनिवार को एक संदिग्ध को छत्तीसगढ़ के दुर्ग से हिरासत में लिया था। आरोपी को पकड़ने के लिए 35 टीमें लगाई गई थीं। पुलिस अब तक करीब 50 लोगों से संदेह के आधार पर पूछताछ कर चुकी है।
पुलिस के अनुसार ठाणे से पकड़ा गया आरोपी अभी तक की पूछताछ में माना है कि वो सैफ अली खान के घर पर चोरी के इरादे से घुसा था। मुंबई पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पासपोर्ट एक्ट की धाराएं भी लगाई हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी के पास अभी तक ऐसा कोई सूबत नहीं मिला है जिससे की यह तय हो पाए कि वह भारतीय नागरिक है। ऐसे में लग रहा है कि ये आरोपी बांग्लादेश से अवैध तरीके से भारत आया था।