माफिया अतीक अहमद के बेटे अबान की सड़क हादसे में मौत, बड़े भाई अली से मिलने झांसी जेल जा रहा था
झांसी-कानपुर हाईवे पर गुरुवार सुबह भीषण सड़क हादसे में माफिया अतीक अहमद के 21 वर्षीय बेटे अबान अहमद और उसके दोस्त की मौत हो गई।
माफिया अतीक अहमद के 21 वर्षीय बेटे अबान अहमद की गुरुवार को झांसी-कानपुर हाईवे पर हुए एक भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा पूंछ थाना क्षेत्र में सुबह करीब 10:30 बजे हुआ था। अबान अपने बड़े भाई अली अहमद से मिलने झांसी जेल जा रहा था। कार में कुल पांच लोग सवार थे। रास्ते में अचानक एक जानवर सामने आ जाने पर चालक ने उसे बचाने की कोशिश की जिससे कार का संतुलन बिगड़ गया और वह डिवाइडर से टकरा गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार में फंसे सभी लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। जांच के बाद डॉक्टरों ने अबान अहमद और उसके दोस्त सोनू को मृत घोषित कर दिया। जबकि, तीन अन्य घायलों का इलाज जारी है।
यह भी पढ़ें:बांग्लादेश के पूर्व क्रिकेट कप्तान शाकिब अल हसन के घर पर हमला, शेख हसीना के इवेंट में शामिल हुए थे
पुलिस के अनुसार, हादसे में घायल लोगों की पहचान उमर अहमद, मोहम्मद जैद और असलम के रूप में हुई है। सभी लोग एक ही कार से झांसी की ओर जा रहे थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दुर्घटना की वजह सड़क पर अचानक आए जानवर को बचाने के प्रयास में वाहन का अनियंत्रित होना थी।
बताया जा रहा है कि अबान अहमद अपने बड़े भाई अली अहमद से मुलाकात के लिए झांसी जेल जा रहा था। अली अहमद पहले से ही जेल में बंद है। हादसे के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। वहीं, इस घटना के बाद मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है।
यह भी पढ़ें:विदिशा में डैम पार कर स्कूल जाने वाले बच्चों को प्रशासन ने दी साइकिल, स्टॉप डैम का रास्ता बंद किया




