उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड, हिमाचल में बर्फबारी से यातायात ठप, कई राज्यों में बारिश का अलर्ट
उत्तर भारत में मौसम ने गंभीर रूप ले लिया है। पहाड़ी राज्यों में भारी बर्फबारी से सड़कें बंद हैं। जबकि, मैदानी इलाकों में शीतलहर और घना कोहरा परेशानी बढ़ा रहा है।
देशभर में मौसम ने अचानक तेवर बदल लिए हैं और इसका असर पहाड़ी से लेकर मैदानी इलाकों तक साफ दिखने लगा है। पहाड़ी राज्यों में भारी बर्फबारी ने जनजीवन ठप कर दिया है। जबकि, मैदानी इलाकों में शीतलहर अब सिर्फ ठंड नहीं बल्कि खतरे का रूप लेती जा रही है। भारतीय मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि उत्तर भारत के लिए आने वाले 72 घंटे बेहद संवेदनशील हैं। इस दौरान तेज हवाएं, मूसलाधार बारिश, घना कोहरा और तापमान में तेज गिरावट देखने को मिल सकती है। राजधानी दिल्ली से लेकर बिहार तक लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक, सबसे गंभीर हालात पहाड़ी राज्यों में बने हुए हैं। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही बर्फबारी के चलते कई नेशनल हाईवे बंद कर दिए गए हैं। कई जगह वाहनें लंबी कतारों फंस गई हैं। इसकी वजह से पर्यटकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन राहत और बहाली कार्यों में जुटा है लेकिन मौसम की मार के कारण हालात आसान होते नहीं दिख रहे हैं।
मैदानी इलाकों में भी ठंड का असर लगातार बढ़ रहा है। सुबह और रात के समय शीतलहर जानलेवा साबित हो सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के सक्रिय होने से पूरे उत्तर भारत में मौसम का मिजाज बिगड़ा है और अगले कुछ दिन हालात और चुनौतीपूर्ण रहेंगे।
मौसम विभाग ने उत्तर भारत के पांच राज्य, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में अगले दो दिनों तक तेज बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 30 से 45 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और तापमान में अचानक गिरावट दर्ज की जा सकती है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में 1 फरवरी को बारिश के साथ बर्फबारी की आशंका जताई गई है। जबकि, राजस्थान में 31 जनवरी को बारिश होने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर भारत के 19 से अधिक जिलों में शीतलहर का प्रचंड असर देखने को मिल सकता है। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज, अयोध्या, कानपुर, बरेली, मेरठ, आगरा और मथुरा जैसे जिलों में सुबह के समय कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना है। हरियाणा के गुरुग्राम, रेवाड़ी, सोनीपत और पानीपत में भी शीतलहर का असर बना रहेगा। वहीं, पंजाब के मनसा, बठिंडा और फाजिल्का में ठंड का प्रकोप जारी रहने के संकेत हैं।
राजधानी दिल्ली बात करें तो राजधानी में 1 और 3 फरवरी को बारिश हो सकती है। 30 जनवरी की सुबह ठंड ज्यादा रहेगी जबकि दोपहर बाद धूप निकलने की संभावना है। दिल्ली में अधिकतम तापमान करीब 19 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। तेज हवाओं के कारण ठंड का असर सामान्य से ज्यादा महसूस किया जाएगा।
उत्तर प्रदेश और बिहार में कोहरे ने भी चिंता बढ़ा दी है। यूपी के 15 से ज्यादा जिलों में घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी जारी की गई है। राजधानी लखनऊ में बादल छाए रहेंगे और वहां अधिकतम तापमान 21 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। बिहार में मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, पूर्वी और पश्चिमी चंपारण तथा गोपालगंज में घने कोहरे का असर रहेगा। पटना में अधिकतम तापमान 22 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया गया है।




