सोनिया गांधी की तबियत बिगड़ी, दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती

कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती हुई हैं। फिलहाल डॉक्टरों की एक टीम उनके स्वास्थ्य पर नजर बनाए हुए है।

Updated: Feb 21, 2025, 09:45 AM IST

नई दिल्ली। कांग्रेस नेता व राज्यसभा सांसद सोनिया गांधी को गुरुवार शाम गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार उनकी हालत स्थिर है और शुक्रवार यानी कल उन्हें छुट्टी मिलने की संभावना है। डॉक्टरों की एक टीम उनकी सतत निगरानी कर रही है।

सोनिया गांधी के भर्ती होने की वजह और समय अभी स्पष्ट नहीं है। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि उन्हें रूटीन चेकअप के लिए अस्पताल लाया गया था। सोनिया गांधी के तबियत खराब होने की खबर सामने आने के बाद देशभर में कांग्रेस कार्यकर्ता उनके शीघ्र स्वस्थ्य होने की कामना कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें: सत्ता में बैठे लोग संविधान पर हमला कर रहे हैं, इसे बचाना राजनीतिक दलों की जिम्मेदारीः राहुल गांधी

सोनिया गांधी आखिरी बार सार्वजनिक रूप से पिछले हफ्ते 13 फरवरी को संसद के बजट सत्र के दौरान राज्यसभा में दिखाई दी थीं। इससे पहले 10 फरवरी को सोनिया गांधी ने राज्यसभा को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार से जल्द से जल्द जनगणना पूरी करने को कहा था। उन्होंने कहा था कि देश में लगभग 14 करोड़ लोग खाद्य सुरक्षा कानून के तहत लाभ से वंचित हैं।

राज्यसभा में शून्यकाल के दौरान अपने संबोधन में सोनिया गांधी ने कहा था कि NFSA के तहत लाभार्थियों की पहचान 2011 की जनगणना के अनुसार की जा रही है, न कि नवीनतम जनसंख्या संख्या के अनुसार।