सत्ता में बैठे लोग संविधान पर हमला कर रहे हैं, इसे बचाना राजनीतिक दलों की जिम्मेदारीः राहुल गांधी

रायबरेली के जगतपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि यह संविधान भारत के लोगों की आवाज है। आज जो सत्ता में हैं वे संविधान पर हमला कर रहे हैं। इसको बचाना राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी है। मीडिया को भी इसकी रक्षा करनी चाहिए।

Updated: Feb 21, 2025, 09:43 AM IST

नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी दो दिन के दौरे पर गुरुवार को रायबरेली पहुंचे। यहां उन्होंने बछरावां, जगतपुर और शंकरपुर में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने जीएसटी और नोटबंदी कर देश में बेरोजगारी बढ़ाई है। केंद्र सरकार ईमानदारी से काम करे, तो करोड़ों युवाओं को रोजगार मिल सकता है।

जगतपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि यह संविधान भारत के लोगों की आवाज है। आज जो सत्ता में हैं वे संविधान पर हमला कर रहे हैं। इसको बचाना राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी है। मीडिया को भी इसकी रक्षा करनी चाहिए।

यह भी पढ़ें: अरुणाचल बॉर्डर पर 90 गांव बसा रहा चीन, लाल आंख की बजाए लाल सलाम की नीति अपना रहे मोदी: कांग्रेस

राहुल गांधी ने कहा कि आज दो हिंदुस्तान बन रहे हैं।एक अरबपतियों का हिंदुस्तान है, जिसमें 20-25 लोग हैं। इनके लाखों-करोड़ों रुपए का कर्ज माफ कर दिया जाता है। दूसरा हिंदुस्तान किसानों, मजदूरों और बेरोजगार युवाओं का है। हमें ये दो हिंदुस्तान नहीं चाहिए। हमें सिर्फ एक हिंदुस्तान चाहिए। 

राहुल गांधी ने आगे कहा कि आज मैं युवाओं से बात कर रहा था। मैंने उनसे पूछा कि - आप सभी लोग पढ़ाई कर रहे हैं, डिग्री ले रहे हैं। आप सभी में से कितने लोगों को लगता है कि डिग्री मिलने के बाद आपको रोजगार मिल जाएगा? करीब 100 छात्रों में से सिर्फ एक ने हाथ उठाया और कहा- मैं कहीं न कहीं से रोजगार ढूंढ के निकाल लूंगा। लेकिन 99% युवाओं ने यह मान लिया कि आज के हिंदुस्तान में उन्हें रोजगार नहीं मिलेगा।  

उन्होंने कहा, 'BJP के लोग चुनाव से पहले कहते थे- 400 पार के बाद हम संविधान बदल देंगे। हमने भी कहा- देखते हैं, कैसे आप संविधान बदल देंगे? चुनाव के बाद नरेंद्र मोदी ने संविधान को माथे से लगा लिया।नरेंद्र मोदी ने नोटबंदी और गलत GST लागू करके छोटे व्यापारियों को ख़त्म कर दिया है। ये नीति सिर्फ नरेंद्र मोदी की नहीं थी। यह नीति नरेंद्र मोदी ने अरबपतियों के साथ मिलकर बनाई थी, ताकि छोटे व्यापारियों, किसानों और स्माल-मीडियम साइज़ बिजनेस वालों को ख़त्म किया जा सके। नतीजा ये है कि आज यूपी के युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा।'

उन्होंने आगे कहा कि आज देश की संपत्ति जैसे एयरपोर्ट, पोर्ट, इंफ्रास्ट्रक्चर, कोल, रेलवे सब बिक रहा है। कांग्रेस पार्टी इसे बचाने के लिए लड़ रही है। मैं सड़क से लेकर संसद तक इसके लिए लड़ रहा हूं, लेकिन मीडिया वाले हमारी मदद नहीं कर रहे हैं। हमें इससे कोई दिक्कत नहीं है। हम लड़ेंगे और जीत कर दिखाएंगे।