शेयर बाज़ार में हाहाकार, सेंसेक्स में 750 अंक से ज्यादा की गिरावट, निफ्टी भी 200 अंक टूटा
सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 15 में तेजी और 15 में गिरावट है। निफ्टी के 50 शेयरों में से 26 में तेजी और 24 में गिरावट है। NSE सेक्टोरल इंडेक्स के रियल्टी सेक्टर में सबसे ज्यादा 1.14% की गिरावट है।

मुंबई। शेयर बाजार में गिरावट का सिलसिला लगातार जारी है। हफ्ते के तीसरे कारोबारी दिन बुधवार को भी सेंसेक्स-निफ्टी ने खुलने के कुछ ही मिनटों बाद तगड़ा गोता लगा दिया। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों वाला Sensex 750 अंक तक टूट गया, तो नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का Nifty भी लगभग 200 अंक फिसलकर कारोबार कर रहा है।
सेंसेक्स 750 अंक से ज्यादा की गिरावट के साथ 75,520 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। निफ्टी में भी 200 अंक की गिरावट के साथ 22,840 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 15 में तेजी और 15 में गिरावट है। निफ्टी के 50 शेयरों में से 26 में तेजी और 24 में गिरावट है।
यह भी पढे़ं: सोना चमका, रुपया गिरा: सोना 85 हज़ार के पार और रुपया डॉलर के मुक़ाबले 87.94 के स्तर तक
NSE सेक्टोरल इंडेक्स के रियल्टी सेक्टर में सबसे ज्यादा 1.14% की गिरावट है। ऑटो, फार्मा, मीडिया, एनर्जी और इन्फ्रा में एक प्रतिशत से अधिक की गिरावट बनी हुई है। सिर्फ आईटी इंडेक्स ही हरे निशान में ट्रेड कर रहा है।
इससे पहले कल यानी 11 फरवरी को सेंसेक्स 1018 अंक (1.31%) की गिरावट के साथ 76,293 के स्तर पर बंद हुआ था। निफ्टी में भी 309 अंक (1.32%) की गिरावट रही, ये 23,071 के स्तर पर बंद हुआ था। बाजार लगातार 5वें कारोबारी दिन गिरकर बंद हुआ था।
एशियाई बाजार में कोरिया के कोस्पी में 0.19% की तेजी है। हॉन्गकॉन्ग के हैंगसेंग में 1.49% की तेजी और चीन के शंघाई कम्पोजिट इंडेक्स में 0.0068% की गिरावट है। 11 फरवरी को विदेशी निवेशकों (FIIs) ने 4,486.41 करोड़ रुपए के शेयर बेचे। इस दौरान घरेलू निवेशकों (DIIs) ने 4,001.89 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे। 11 फरवरी को अमेरिका का डाओ जोंस 0.28% की तेजी के साथ 44,593 पर बंद हुआ। S&P 500 इंडेक्स 0.034% चढ़कर 6,068 पर बंद हुआ। नैस्डैक 0.36% गिरा।