उज्जैन नवोदय विद्यालय से दो छात्र लापता, एक का शव तालाब में मिला, दूसरे की तलाश जारी

उज्जैन के जवाहर नवोदय विद्यालय से रात में लापता दो छात्रों में से एक का शव सुबह तालाब में मिला। मृतक 10वीं का छात्र प्रज्ञान है। जबकि, 9वीं का छात्र रोशन लापता है।

Updated: Jul 14, 2026, 01:55 PM IST

उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के घट्टिया थाना क्षेत्र स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में मंगलवार सुबह हॉस्टल से लापता दो छात्रों में से एक का शव स्कूल परिसर के पास स्थित तालाब (खेत में भरे पानी) से बरामद हुआ। मृत छात्र की पहचान 15 वर्षीय प्रज्ञान विमल के रूप में हुई है। कक्षा 10वीं का छात्र था। वहीं, कक्षा 9वीं के 14 वर्षीय छात्र रोशन बरेठा का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। उसकी तलाश के लिए पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है।

जानकारी के अनुसार, दोनों छात्र सोमवार देर शाम हॉस्टल से अचानक गायब हो गए थे। रात में उपस्थिति के दौरान जब दोनों अपने कमरों में नहीं मिले तो विद्यालय प्रशासन ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। इसके बाद घट्टिया थाना पुलिस ने स्कूल पहुंचकर छात्रों की तलाश शुरू की। पुलिस ने परिसर और आसपास के इलाकों की जांच की, सीसीटीवी फुटेज खंगाले और छात्रों के साथ पढ़ने वाले विद्यार्थियों से पूछताछ भी की लेकिन देर रात तक दोनों का कोई पता नहीं चल सका।

यह भी पढ़ें:MP की सबसे बड़ी साइबर ठगी: CA से ठगे 21.05 करोड़ रुपए, पुलिस ने अब तक फ्रिज किए 2.05 करोड़

मंगलवार सुबह करीब छह बजे ग्रामीणों ने विद्यालय की बाउंड्री से लगे तालाब में एक शव उतराता देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। पहचान होने पर पता चला कि शव प्रज्ञान विमल का है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।

दूसरी ओर लापता छात्र रोशन बरेठा की तलाश लगातार जारी है। पुलिस के साथ एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोर तालाब और आसपास के क्षेत्र में सघन सर्च अभियान चला रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि छात्र का पता लगाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें:भिंड में CM मोहन यादव की सुरक्षा में चूक, टेकऑफ के दौरान हेलीकॉप्टर के ऊपर उड़ता मिला ड्रोन, यूट्यूबर गिरफ्तार

घटना के बाद विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। एक पूर्णतः आवासीय विद्यालय से दो नाबालिग छात्रों का देर रात हॉस्टल से बाहर निकल जाना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाता है। परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि रात्रिकालीन उपस्थिति, वार्डन की निगरानी और परिसर की सुरक्षा में गंभीर लापरवाही बरती गई। जिसकी वजह से यह घटना हुई।

घट्टिया थाना प्रभारी करण खोवाल के नेतृत्व में पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि जांच में विद्यालय प्रबंधन या कर्मचारियों की लापरवाही सामने आती है तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें:व्हाट्सएप-टेलीग्राम के यूजरनेम फीचर पर सरकार सख्त, जवाबों की समीक्षा के बाद तय होंगे नए नियम

प्रज्ञान विमल का पारिवारिक जीवन भी बेहद संघर्षपूर्ण रहा है। वह तीन बहनों का इकलौता भाई था। उसके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था। पिता की मृत्यु के बाद बड़ी बहन को अनुकंपा नियुक्ति मिली थी और उसी के संरक्षण में प्रज्ञान रहकर जवाहर नवोदय विद्यालय में अपनी पढ़ाई कर रहा था। उसकी मौत की खबर से परिवार और विद्यालय में शोक का माहौल है।